महासमुंद : सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ की शुरुआत
पहले दिन 219 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजन, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
महासमुंद, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के पहले दिन जिले के 219 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रों को रंगोली, आकर्षक सजावट और स्थानीय सामग्री से सजाकर उत्सवमय माहौल बनाया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर बच्चों एवं आंगनबाड़ी हितग्राहियों का उत्साहवर्धन किया। गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कई केंद्रों में नेवता भोज का भी आयोजन हुआ।
लभरा खुर्द और शेर में बच्चों के बीच पहुंचे कलेक्टर
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आंगनबाड़ी केंद्र लभरा खुर्द पहुंचकर बच्चों की गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से गीत और एबीसीडी सुनी तथा पोषण एवं भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। केंद्र में 26 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें 2 बच्चे कुपोषित हैं और 8 गर्भवती महिलाएं सेवाओं से जुड़ी हैं। कलेक्टर ने बच्चों को निर्धारित समय पर भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने शेर दर्रीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां 32 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें एक बच्चा कुपोषित पाया गया। उन्होंने संबंधित बच्चे की स्वास्थ्य एवं पोषण स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य नीता साहू, सरपंच अनीता साहू, उपसरपंच भारती साहू सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बच्चों ने गीत, कविता, गिनती और एबीसीडी प्रस्तुत की। कुशांत ध्रुव ने कलेक्टर के सामने गिनती सुनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई।
स्वस्थ शिशुओं और हितग्राहियों का सम्मान
इस अवसर पर स्वस्थ शिशुओं में भाव्या धीवर और उनकी माता पूर्णिमा धीवर को सम्मानित किया गया। वहीं महतारी वंदन योजना की हितग्राही धनिता साहू एवं गोदावरी साहू को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए गीत, कविता, गिनती, एबीसीडी, खेल एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों से आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
हितग्राहियों ने बताया आंगनबाड़ी का महत्व
सम्मानित श्रीमती पूर्णिमा धीवर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं मिल रही हैं। गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को भी समय-समय पर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिलती है।
श्रीमती धनिता ने कहा कि आंगनबाड़ी बच्चों के सीखने और पोषण पाने का महत्वपूर्ण स्थान है। आंगन मिलन जैसे आयोजनों से बच्चों और माताओं में आंगनबाड़ी केंद्र के प्रति जुड़ाव और अपनत्व बढ़ता है। सम्मान एवं सामूहिक भोजन से सभी में उत्साह का संचार हुआ।



