महासमुंद/जिला खनिज संस्थान न्यास प्रबंधकारिणी समिति की बैठक 16 जुलाई को

जिला खनिज संस्थान न्यास प्रबंधकारिणी समिति की बैठक 16 जुलाई को

महासमुंद, छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम में उल्लेखित प्रावधानों के तहत् प्रबंधकारिणी समिति के गठन का प्रावधान है। न्यास के कार्यों का प्रबंधन, दैनंदिनी आधार पर प्रबंधकारिणी समिति द्वारा किया जाता है। कलेक्टर श्री विनय लंगेह की अध्यक्षता में जिला खनिज संस्थान न्यास द्वारा स्वीकृत कार्यों की समीक्षा एवं न्यास नियम में प्रावधानित शक्तियों और कृत्यों के सम्पादन लिए प्रबंधकारिणी समिति का बैठक बुधवार 16 जुलाई 2025 को समय अपराह्न 4.00 बजे जिला कार्यालय के सभा कक्ष आयोजित की गयी है। संबंधित अधिकारियों को नियत तिथि एवं समय में उपस्थित होने कहा गया है।

महासमुंद/कृषि विभाग द्वारा कृषि सेवा केन्द्रां का सतत निरीक्षण

महासमुंद/कृषि विभाग द्वारा कृषि सेवा केन्द्रां का सतत निरीक्षण

चालू खरीफ सत्र में 49 दुकानों का किया गया निरीक्षण

39 दुकानों को कारण बताओ नोटिस एवं 35 में लाइसेंस निलंबन और जब्ती की कार्रवाई की गई

महासमुंद जिले के कृषकों को अच्छी गुणवत्ता की आदान सामग्री मिल सके इस हेतु कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा सतत् रूप से जिला स्तरीय निरीक्षण दल एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को दिए गए निर्देश के फलस्वरूप विभाग द्वारा लगातार कृषि आदान केन्द्रों/विक्रय स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। उप संचालक कृषि श्री एफ. आर. कश्यप ने बताया कि 01 अप्रैल 2025 खरीफ मौसम प्रारंभ से आज दिनांक की स्थिति में 49 दुकानों का निरीक्षण किया जा चुका है जिसमें 39 दुकानों कों उर्वरक नियंत्रण आदेश का पालन नही करने के फलस्वरूप कारण बताओं नोटिस जारी किया गया जिसमें 35 दुकानों का जवाब संतोषप्रद नही पाये जाने पर उनका उर्वरक प्राधिकार पत्र 15 दिवस के लिये निलंबित किया गया। उक्त दुकानो में मे. गुलशन कृषि केन्द्र झलप, मे. शिव कृषि केन्द्र पासिद, मे. मोनू कृषि केन्द्र तुमगांव, मे. भानू फर्टिलाईजर महासमुंद, मे. बीना एग्रोटेक झलप, मे. आनंद एग्रो एंड सर्विसेस तुमगांव, मे. अमूल्या खाद भंडार झलप, मे. ओम भवानी कृषि केन्द्र तुसदा, मे. जय मां भीमेश्वरी सुनसुनिया, मे. गीतांजली बीज भंडार तेन्दूकोना, मे. श्रीहरि कृषि केन्द्र बागबाहरा, मे. शिवम बीज भंडार बागबाहरा, में.श्री गणेश कृषि केन्द्र बागबाहरा, मे. आर.एस. ट्रेडर्स बागबाहरा, मे. मनीष कृषि सेवा केन्द्र झगरेनडीह, मे. पटेल कृषि सेवा केन्द्र मेमरा, मे. जय किसान ट्रेडर्स लाखागढ़, मे. शुभम् कृषि सेवा केन्द्र कौहाकुड़ा, मे. कुलदीप कृषि सेवा केन्द्र पिथौरा, मे. शिवम् कृषि सेवा केन्द्र पिथौरा, मे. राज कृषि सेवा केन्द्र भगतदेवरी, मे. खत्री ट्रेडर्स सांकरा, मे. बजरंग कृषि सेवा केन्द्र सांकरा, मे. महेश ट्रेडिंग कंपनी बसना, मे. कंसल खाद भंडार बसना, मे. सिंधु कृषि सेवा केन्द्र बंसुला, मे. प्रेम कृषि सेवा केन्द्र सागरपाली, मे. सृष्टि इंटरप्राईजेस भूकेल, मे. पटेल कृषि सेवा केन्द्र सरायपाली, मे. कृषि दुनिया सरायपाली, मे. प्रधान कृषि सेवा केन्द्र सरायपाली, मे. ओम फर्टिलाईजर सरायपाली, मे. अग्रवाल ट्रेडर्स सरायपाली, मे. राजेश अग्रवाल सरायपाली, मे. सरायपाली स्वाभिमान महिला प्रोड्यूसर कंपनी सरायपाली सम्मिलित है। इसके अलावा खत्री बीज भंडार सांकरा के द्वारा बगैर पी.सी. के बीज क्रय करने पर संबंधित फर्म के बीज के विक्रय पर 21 दिवस के लिये प्रतिबंध लगाया गया है। इसी प्रकार बसना विकासखंड के समलेश्वरी कृषि सेवा केन्द्र के द्वारा अवैध 57 बोरी डी.ए.पी. रखने पर जप्ती बनाकर कार्यवाही की गई है। इसी प्रकार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना एवं सरायपाली तथा कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा भी बसना, सरायपाली विकासखंड के निजी विक्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया गया एवं दुकानदारों को सही कीमत पर उर्वरक बेचने एवं पी.ओ.एस. मशीन के द्वारा बेचने के निर्देश दिये गये। खरीफ मौसम में लगातार यह कार्यवाही जारी रहेगी, कृषकों को अपील की गई है, कि वे संबंधित फर्म से बिल लेकर ही आदान सामग्री का क्रय करें।

महासमुंद पशु सखियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने दिया गया प्रशिक्षण

महासमुंद पशु सखियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने दिया गया प्रशिक्षण

बागबाहरा में 17 जुलाई को प्रशिक्षण आयोजित

महासमुंद पशु सखी ग्रामीण पशुपालक किसान और पशुधन विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती है। इनके माध्यम से विभागीय योजनाओं को जमीनी स्तर पर कार्यान्वित करने में मदद मिलती है। इसलिए इन्हे तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत विभागीय विषय विशेषज्ञों द्वारा विगत 10 जुलाई को विकासखण्ड बसना के 35 पशु सखी, 11 जुलाई को विकासखण्ड पिथौरा के 58 पशु सखी एवं 15 जुलाई को विकासखण्ड महासमुंद के 70 पशु सखी को जनपद पंचायत के सभागार में प्रशिक्षण दिया गया। आगामी प्रशिक्षण विकासखण्ड बागबाहरा में 17 जुलाई को जनपद पंचायत के सभागार में दिया जाएगा।

चिकित्सकों द्वारा पशु स्वास्थ्य रक्षा, पशु पोषण, पशु नस्ल सुधार एवं प्रबंधन, पशुपालन के इन चार प्रमुख स्तंभों को लक्षित कर पशु सखियों को प्रशिक्षित किया गया। पशु स्वास्थ्य सेवाएं जैसे टीकाकरण, उपचार और पशु स्वास्थ्य, नस्ल सुधार के लिए बधियाकरण, कृत्रिम गर्भाधान की नवीनतम तकनीकी विधियों के बारे में उन्हें जानकारी दी गई। पशु कल्याण के महत्व, पशुओं के प्रति सहानुभूति, पशु स्वास्थ्य संबंधी डेटा संकलन में पशु सखियों की अहम भूमिका से उन्हें अवगत कराया गया। उन्हे विभाग और पशुपालकों के बीच समन्वय स्थापित करने बारीकियों को सविस्तार बताया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष पिथौरा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी पिथौरा उपस्थित रहे। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. अंजना नायडू के मार्गदर्शन में जिला एवं विकासखण्ड स्तर के अधिकारियों ने विकासखण्डवार जनपद पंचायत के सभागार में पशु सखियों को प्रशिक्षण दिया।

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में सुनी आम जनों की समस्याएं

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में सुनी आम जनों की समस्याएं

अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

महासमुंद, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के विभिन्न स्थानों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी। उन्होंने संबंधित विभाग को आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए कहा। आज ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के 52 आवेदकों ने आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याएं बारी-बारी सुनी। इस अवसर पर सीईओ श्री एस. आलोक, अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू एवं रविराज ठाकुर, एसडीएम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

जन चौपाल में ग्राम पंचायत जगदीशपुर, विकासखंड पिथौरा निवासी सारथा नाग ने राशन कार्ड गुम हो जाने पर प्राथमिकता राशन कार्ड हेतु आवेदन किए, जिस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए कलेक्टर द्वारा आज ही जन चौपाल में राशन कार्ड प्रदान किया गया। इसके अलावा ग्राम दुरुगपाली निवासी लाल बिहारी साहू ने शौचालय निर्माण हेतु मृत व्यक्ति के नाम पर पैसा निकाल लेने के संबंध में आवेदन किया, ग्राम लभराखुर्द निवासी याशिव कुमार ध्रुव ने जाति एवं निवास दस्तावेज में सुधार हेतु आवेदन, ग्राम मूढ़ीपार पिथौरा के ग्रामवासियों ने ग्राम में अवैध शराब बिक्री रोकने हेतु आवेदन, भुरकोनी पिथौरा निवासी नारायण साहू ने पेंशन योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन, ग्राम मोखापुटका सरायपाली निवासी चैतन्य चौधरी ने अवैध तरीके से डबरी निर्माण हेतु आवेदन किया गया। जन चौपाल में इसके अलावा पीएम आवास योजना, सड़क निर्माण, मुआवजा राशि, साथ ही अन्य माँग एवं शिकायत संबंधी आवेदन प्राप्त हुए, जिस पर शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

बलौदा बाजार / शेयर बाजार में दोगुना पैसा लौटाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी: महिला आरोपी श्वेता अवसरिया गिरफ्तार, अब तक 13 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

बलौदा बाजार / शेयर बाजार में दोगुना पैसा लौटाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी: महिला आरोपी श्वेता अवसरिया गिरफ्तार, अब तक 13 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

बलौदाबाजार छत्तीसगढ़ पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी के बहुचर्चित प्रकरण में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। ठगी के इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला श्वेता अवसरिया (उम्र 37 वर्ष), निवासी न्यू चांगोरभाठा महादेव नगर, रायपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से दो बैंक पासबुक, चेक बुक, डेबिट कार्ड, जमीन और सोने-चांदी के जेवरात की खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।

शेयर बाजार में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर आरोपी महिला द्वारा लाखों-करोड़ों की ठगी की गई थी। पुलिस ने एक दिन पहले ही श्वेता के पति से चार मोबाइल फोन, पांच बैंक पासबुक, चेक बुक, एटीएम कार्ड, लेन-देन का रजिस्टर, अन्य दस्तावेजों के साथ ₹9.71 लाख नगद एवं सोने-चांदी के जेवरात जब्त किए थे।

अब तक की जांच में पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें शासकीय शिक्षक रामनारायण साहू भी शामिल है। मामले में कुल चार आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगा गया है, तो वह तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर संपर्क करें।

महासमुंद/जिले की समितियों में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण

महासमुंद/जिले की समितियों में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण

महासमुन्द जिले के किसानों को खरीफ मौसम की तैयारी में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले के प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण किया गया है। उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप ने जानकारी दी कि जिले की सभी कृषक सहकारी समितियों से खाद प्राप्त कर सकते हैं।

1 अप्रैल से 14 जुलाई की स्थिति में जिले के सहकारी एवं निजी समितियों में कुल 63229 मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया गया है, जिसमें से 44995 टन खाद का वितरण किया जा चुका है। खाद की उपलब्धता में सहकारी एवं निजी समितियों में यूरिया 32 हजार 749 टन, सुपर फॉस्फेट 15 हजार 491 टन, पोटाश 03 हजार 195, डी.ए.पी. 06 हजार 319, एन.पी.के 05 हजार 475 टन भंडारित किया गया है। वर्तमान में 18 हजार 324 टन खाद विक्रय हेतु शेष है। जिसमें यूरिया 08 हजार 289, सुपर फॉस्फेट 06 हजार 325, पोटाश एक हजार 129, डी.ए.पी. 986 एवं एक हजार 505 टन एन.पी.के खाद उपलब्ध है, जिसका समितियों द्वारा किसानों को विक्रय किया जा रहा है।

कलेक्टर ने सभी सहकारी समितियों एवं निजी दुकानों में पॉस मशीन के माध्यम से विक्रय करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निजी दुकानों में अवैध भण्डारण पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई करने सख्त निर्देश दिए है। अधिकारियों द्वारा लगातार खाद की उपलब्धता एवं वितरण पर निगरानी रखी जा रही है।

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री साय से भारत सरकार में भूमि संसाधन सचिव ने की सौजन्य भेंट

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री साय से भारत सरकार में भूमि संसाधन सचिव ने की सौजन्य भेंट

भू-अभिलेख सुधार, डिजिटल सर्वे और राजस्व न्यायालयों में मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा परिसर स्थित कार्यालय में भारत सरकार के भूमि संसाधन विभाग के सचिव श्री मनोज जोशी ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर भू-अभिलेख प्रणाली को सुदृढ़ करने, भूमि सर्वेक्षण में तकनीकी नवाचारों के उपयोग, तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में राजस्व मंत्री श्री टंकाराम वर्मा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार भू-राजस्व दस्तावेजों को अद्यतन करने और आवश्यक सुधार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड जितने व्यवस्थित होंगे, राजस्व न्यायालयों में मामलों का निपटारा उतना ही शीघ्र और प्रभावी रूप से हो सकेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भूमि अभिलेखों में सुधार संबंधी केंद्र सरकार की सभी पहल के साथ राज्य सरकार कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगी, ताकि यह प्रणाली और अधिक प्रभावशाली व जनहितकारी बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा तकनीक आधारित नवाचारी पहलों के माध्यम से भू-राजस्व रिकॉर्ड में पारदर्शिता, गति और सटीकता लाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है, जिससे किसानों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इस दिशा में सभी आवश्यक कदम तत्परता से सुनिश्चित करें।

केंद्रीय भूमि संसाधन सचिव श्री मनोज जोशी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में भू-अभिलेखों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है और राज्य सरकार के सक्रिय सहयोग से इसमें और अधिक सुधार लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में पारंपरिक पद्धति से किए जाने वाले भूमि सर्वेक्षण में समय अधिक लगता था, किंतु अब आधुनिक तकनीकों के उपयोग से यह प्रक्रिया तेज़, अधिक सटीक और भरोसेमंद हो गई है।

श्री जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार भू-अभिलेख संधारण प्रणाली को दुरुस्त करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है, जिसके अंतर्गत राज्यों को वित्तीय और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जमीन की खरीद-बिक्री के दौरान नक्शों के अद्यतन में कई बार तकनीकी समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जिन्हें डिजिटल सर्वेक्षण के माध्यम से प्रभावी रूप से दूर किया जा सकेगा। इससे प्रत्येक नागरिक को अद्यतन और प्रमाणिक नक्शा प्राप्त होगा, जिससे गड़बड़ियों में कमी आएगी और शहरी क्षेत्रों के विस्तार को बेहतर ढंग से नियोजित किया जा सकेगा।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री कुणाल सत्यार्थी, राजस्व सचिव श्री अविनाश चंपावत, संचालक भू-अभिलेख श्री विनीत नंदनवार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

महासमुंद एक दिवसीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न

महासमुंद एक दिवसीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न

महासमुंद, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की बिहान योजना के अंतर्गत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एस. आलोक के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सभाकक्ष में एक दिवसीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 112 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें विभिन्न बैंकों के अधिकारी, ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर, एरिया कोऑर्डिनेटर, एफएल एंड सीआरपी, बीमा सखी, पीआरपी एवं अन्य फील्ड स्टाफ शामिल रहे। कार्यशाला का उद्देश्य बैंकर्स और फील्ड स्टाफ को वित्तीय प्रक्रियाओं की जानकारी देना था, ताकि वे अपने कार्यक्षेत्र में और अधिक प्रभावी, समन्वित एवं परिणाम मुखी भूमिका निभा सकें।

कार्यशाला में बिहान योजना की अवधारणा और उद्देश्यों की समझ, स्वयं सहायता समूह के क्रेडिट लिंकेज की प्रक्रिया, उद्यम वित्त के अवसर, बीसी सखी मॉडल की संरचना एवं संचालन प्रक्रिया, सरकारी बीमा योजनाओं की जानकारी नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स की समस्या और समाधान के उपाय, कम्युनिटी बेस्ड रिकवरी मैकेनिज्म कमेटी की भूमिका जैसे प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही फाइनेंशियल लिटरेसी कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। उन्हें प्रशिक्षण के माध्यम से वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने, स्व सहायता समूह के सदस्यों को बैंकिंग से जोड़ने और दस्तावेज़ीकरण में सहयोग हेतु सशक्त किया गया। कार्यक्रम में एनआरपी श्री सतपती, डीडीएम नाबार्ड, आरसेटी डायरेक्टर, एनआरएलएम एपीओ, डीपीएम, डीसी श्री दिलीप साहू एवं अन्य एनआरएलएम सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहे।

महासमुंद/समय सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश, विकास कार्यों में गति लाने पर जोर

महासमुंद/समय सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश, विकास कार्यों में गति लाने पर जोर

मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं पर तत्काल अमल करें सभी विभाग ई-ऑफिस का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें राशन वितरण के कार्यां में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

महासमुंद कलेक्टर श्री विनय कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं, जन घोषणाओं, योजनाओं और आगामी आयोजनों को लेकर निर्देश दिए गए तथा जन शिकायत, जनदर्शन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, जवाब दावा आदि की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री एस. आलोक, अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू एवं श्री रविराज ठाकुर, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान की गई घोषणाओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश देते हुए कहा कि घोषणाओं पर अमल करते हुए कार्य प्रारम्भ करें। जनपद सीईओ और निर्माण एजेंसियां इस कार्य को गंभीरता से लें और जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने गढ़फुलझर में पर्यटन के क्षेत्र में की गई घोषणाओं पर त्वरित अमल करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में कलेक्टर ने समग्र शिक्षा अंतर्गत अपूर्ण एवं अप्रारम्भ कार्यों को प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। अनुकम्पा के रिक्त पदों की जानकारी सभी प्रभारी अधिकारियों को दिए गए है ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर ने शासन की महत्वपूर्ण ई-ऑफिस कार्यक्रम को सभी कार्यालयों में लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी फाइलें ई-ऑफिस के माध्यम से ही प्रेषित किए जाए। इस संबंध में बैठक के दौरान अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया।

कलेक्टर ने खाद वितरण की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी निजी दुकान में खाद का अवैध भंडारण पाए जाने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। कृषि उप संचालक ने बताया कि जिले में वर्तमान में 18234 मीट्रिक टन खाद शेष है। उन्होंने बताया कि 469 मीट्रिक टन डीएपी खाद की खेप भी पहुंची है। जिसे जल्द ही समितियों तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में किसानों से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि किसानों का पंजीयन अनिवार्य किया जाए। बिना पंजीयन के कृषक उन्नति योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। इसके लिए राजस्व, कृषि और सहकारी विभाग मिलकर व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि कोई भी पात्र किसान वंचित न रह जाए। धान संग्रहण एवं उठाव केंद्रों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि बारिश को ध्यान में रखते हुए केंद्रों की मरम्मत गिट्टी व मुरम से की जाए ताकि धान को नुकसान न हो।

मोर गांव मोर पानी’ अभियान के तहत अब तक जनभागीदारी से जल संचयन हेतु 144 इंजेक्शन वेल और 4777 सोखता गड्ढों का निर्माण किया जा चुका है। इस कार्य की सराहना करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की सतत निगरानी के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया जनभागीदारी से बन रहे जल संचयन के कार्यां में शिक्षा विभाग द्वारा 987, महिला बाल विकास द्वारा 531, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 29 एवं जिला पंचायत द्वारा 3241 गड्ढों का निर्माण जनभागीदारी से किया गया है।

कलेक्टर ने कहा सभी एसडीएम फील्ड में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण करें और गुणवत्ता की निगरानी करें। कलेक्टर ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु नालियों और पानी की टंकियों की सफाई के निर्देश दिए गए। सभी नगरीय निकायों को सघन स्वच्छता अभियान चलाने को कहा गया। कलेक्टर ने राशन वितरण और आयुष्मान कार्ड निर्माण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, जनहित के कार्यों में पारदर्शिता सर्वोपरि है।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बैठक में राजस्व प्रकरणों, सुशासन तिहार, पीएम जनमन योजना आदि की भी समीक्षा की गई। पीएमजनमन अंतर्गत सभी विकास के संकेतांकों को 15 अगस्त के पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शहर और गांवों के मुख्य मार्गों से आवारा पशुओं को तत्काल हटाया जाए। इससे यातायात व्यवस्था सुधरेगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। सभी नगरीय निकायों और पंचायतों को संयुक्त कार्यवाही करने को कहा गया। सभी विभागों को अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और समय सीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा गया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बागबाहरा में अज्ञात चोरों ने शिक्षक के घर को बनाया निशाना, सोने-चांदी के जेवर व नकदी सहित मोबाइल चोरी

बागबाहरा में अज्ञात चोरों ने शिक्षक के घर को बनाया निशाना, सोने-चांदी के जेवर व नकदी सहित मोबाइल चोरी

थाना बागबाहरा क्षेत्र के वार्ड नंबर 03 थाना पारा में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक शासकीय शिक्षक के घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना 13 जुलाई की रात 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित सुनील कुमार श्रीवास्तव, जो वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कोसमी (विकासखंड छुरा, जिला गरियाबंद) में व्याख्याता के पद पर पदस्थ हैं, ने थाना बागबाहरा में लिखित आवेदन देकर बताया कि चोर उनके घर के पूजा कक्ष में रखे आलमारी से—

दो नग सोने की बाली (कीमत ₹15,000), ₹3,500 नकद, एक जोड़ी चांदी की पायल (कीमत ₹1,500), चांदी का मंगलसूत्र (₹1,500), एक चांदी का सिक्का (₹400), तथा MI कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल फोन (कीमत ₹1,000) चोरी कर ले गए। चोरी गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब ₹22,900 बताई गई है।

पीड़ित की शिकायत पर थाना बागबाहरा पुलिस ने अपराध क्रमांक दर्ज करते हुए धारा 331(4), 305(A) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है तथा संदिग्धों से पूछताछ जारी है। स्थानीय नागरिकों में इस चोरी की घटना को लेकर चिंता का माहौल है और उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।