छत्तीसगढ़: वित्त मंत्री श्री चौधरी ने किया पुसौर में उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ

छत्तीसगढ़: वित्त मंत्री श्री चौधरी ने किया पुसौर में उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ

उप पंजीयक कार्यालय शासन की जन-केन्द्रित सेवाओं की प्रतिबद्धता और त्वरित, पारदर्शी व्यवस्था का बनेगा प्रतीक – वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी

रजिस्ट्री कार्य अब जिला मुख्यालय नहीं, स्थानीय स्तर पर होगा संभव

पुसौरवासियों को अब जमीन की रजिस्ट्री के लिए रायगढ़ जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने आज जनपद पंचायत पुसौर परिसर में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यालय शासन की जन-केन्द्रित सेवाओं की प्रतिबद्धता और त्वरित, पारदर्शी व्यवस्था का प्रतीक बनेगा।

श्री चौधरी ने कहा कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि ग्रामीण जनता को सुलभ, सस्ती और तेज़ रजिस्ट्री सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से समय, ऊर्जा और धन की बचत होगी। यह कार्यालय क्षेत्रवासियों को 65 प्रकार की रजिस्ट्री सेवाएं प्रदान करेगा, जिनमें विक्रय विलेख, दानपत्र, बंटवारा, हक त्याग, वसीयत और केसीसी बंधक जैसी प्रक्रियाएं शामिल हैं। इस कार्यालय में एक उप पंजीयक, दो ऑपरेटर और एक एमटीएस की नियुक्ति की गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के तुरंत बाद किसानों को दो साल का बोनस दिया गया, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डेढ़ साल में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से केवल पुसौर ब्लॉक में 127 करोड़ की राशि से 9000 आवासों के लिए स्वीकृति मिली है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवास प्लस सर्वे के माध्यम से सभी पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। महतारी वंदन योजना की सफलता का ज़िक्र करते हुए उन्होंने बताया कि हर महीने 70 लाख महिलाओं को बिना विलंब राशि हस्तांतरित की जा रही है। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी द्वारा पुसौर में सड़कों, पुल-पुलियों, अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना जैसे विकास कार्यों की भी रूपरेखा साझा की गई। उन्होंने बताया कि 80 लाख रुपये की लागत से नवीन उप पंजीयक कार्यालय भवन का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा।

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि पुसौर के नजदीक 88 पंचायतें हैं, जिनके लोग अब स्थानीय स्तर पर रजिस्ट्री करा सकेंगे। संपत्ति क्रय-विक्रय, उत्तराधिकार, वसीयत व अन्य दस्तावेजों की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और पारदर्शी हो गई है। सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप राज्य सरकार ने रजिस्ट्री कार्यों में 10 क्रांतिकारी सुधार किए हैं, जिनमें आधार सत्यापन, ऑनलाइन भुगतान, डिजीलॉकर सेवा, घर बैठे दस्तावेज निर्माण और स्वतः नामांतरण जैसी सुविधाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानी सतपथी सभापति श्री डिग्री लाल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

छत्तीसगढ़: न्यायिक कार्य केवल कानून के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें मानवीय संवेदना का समावेश भी आवश्यक है: न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा

छत्तीसगढ़: न्यायिक कार्य केवल कानून के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें मानवीय संवेदना का समावेश भी आवश्यक है: न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा

छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी द्वारा रायपुर संभाग के न्यायिक अधिकारियों के लिए एक दिवसीय संभागीय न्यायिक सेमिनार का आयोजन रायपुर के सिविल लाइन स्थित न्यू-सर्किट हाउस में किया गया। इस सेमिनार में रायपुर संभाग के चार जिलों के 126 न्यायिक अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला में प्रकरणों के शीघ्र निराकरण किये जाने, गिरफ्तारी रिमाण्ड और जमानत से संबधित प्रावधान, अभियुक्त की परीक्षण का उद्देश्य एवं प्रक्रिया तथा हिन्दु उत्तराधिकार अधिकार एवं विरासत से संबंधित कानून का विश्लेशण एवं अध्ययन किया जाना है। न्याय और विधिक ज्ञान के प्रकाशन का प्रतीक सेमिनार का शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय एवं मुख्य संरक्षक छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी के द्वारा किया गया। सेमिनार में न्यायमूर्ति श्री नरेश कुमार चंद्रवंशी, न्यायमूर्ति श्री दीपक कुमार तिवारी एवं न्यायमूर्ति श्री राकेश मोहन पांडेय, न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

न्यायिक सेमिनार में मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा ने रायपुर संभाग के न्यायिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में न्यायपालिका से अपेक्षाएं अत्यधिक बढ़ गई हैं। जनता हमसे निष्पक्षता, गति और संवेदनशीलता की अपेक्षा रखती है। सेमिनार में चर्चा के लिए निर्धारित विषय हमारे आपराधिक और दीवानी न्यायशास्त्र के मूल स्तंभ हैं। इन क्षेत्रों में दक्षता केवल प्रक्रियात्मक अनुपालन का विषय नहीं है, बल्कि निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने, व्यक्तिगत स्वतंत्रताओं की रक्षा करने और न्यायिक प्रक्रिया में सार्वजनिक विश्वास को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण पहलू है।

मुख्य न्यायाधीश ने इस बात पर बल दिया कि हाल ही में अधिनियमित भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) एवं अन्य नए कानूनों के प्रकाश में, न्यायाधीशों के लिए इन प्रावधानों से भली-भांति परिचित होना अत्यंत आवश्यक है, विशेष रूप जमानत संबंधी प्रावधान से हैं, ताकि न्यायिक निर्णयों में एकरूपता एवं विधिक शुद्धता सुनिश्चित की जा सके। यदि आरोपी के अधिकारों के प्रतिकूल कोई संभावना हो, तो न्यायाधीशों को यह अत्यंत सावधानीपूर्वक देखना चाहिए कि क्या प्रस्तुत किया जा रहा है और क्या नहीं। किसी प्रकरण के तथ्यों और परिस्थितियों में न्यायाधीश की अपनी राय हो सकती है, परंतु वे कानून की सीमाओं तथा सर्वाेच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के न्यायिक निर्णयों से बंधे होते हैं। मजिस्ट्रेट को जमानत आवेदन पर आदेश करते समय सावधानी बरतनी चाहिए, यह सुनिश्चित करते हुए कि अपराध क्रमांक, जिन धाराओं के अंतर्गत आरोपी पर आरोप लगाया गया है, तथा आरोपी के संबंध में सही विवरण स्पष्ट रूप से उल्लेखित हो। उपर्युक्त में किसी भी प्रकार की चूक या त्रुटिपूर्ण विवरण उच्च न्यायालय द्वारा आवेदन के निस्तारण में विलंब का कारण बन सकता है, जिससे आरोपी की व्यक्तिगत स्वतंत्रता बाधित हो सकती है।

मुख्य न्यायाधीश ने इस संभागीय कार्यशाला के उद्देश्य को न्यायिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और हमारे न्याय प्रदाता प्रणाली में सीखने, सहयोग और निरंतर सुधार की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका कानून के शासन को बनाए रखने और समाज के सभी वर्गों को न्याय सुनिश्चित करने में एक आधारभूत भूमिका निभाती है। संविधान के संरक्षक के रूप में, यह आवश्यक है कि हम न केवल कानूनी रूप से सुदृढ़ हों, बल्कि सामाजिक रूप से जागरूक, उत्तरदायी और नैतिक रूप से दृढ़ भी हों।

मुख्य न्यायाधीश ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में व्यक्त किया कि एक प्रशिक्षित और संसाधनयुक्त न्यायपालिका ही जन विश्वास की नींव है। यह कार्यशाला केवल एक शैक्षणिक अभ्यास नहीं है, अपितु यह आत्मनिरीक्षण, ज्ञान विनिमय और संस्थागत अखंडता को मजबूत करने का एक मंच है। मुख्य न्यायाधीश के द्वारा सभी न्यायिक अधिकारियों से इस कार्यशाला का पूर्ण लाभ उठाने एवं सेमिनार में आयोजित सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेने के साथ प्राप्त शिक्षा को अपने-अपने न्यायालयों में लागू करने हेतु कहा गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि न्यायिक कार्य केवल कानून के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें मानवीय संवेदना का समावेश भी आवश्यक है। प्रत्येक फाइल के पीछे एक मानवीय कहानी छिपी होती है, जिसमें दर्द, संघर्ष और आशा समाहित होती है। ‘जहाँ कानून हमारा साधन है, वहीं न्याय हमारा उद्देश्य है’। मुख्य न्यायाधीश ने कार्यशाला की सफलता की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कार्यशाला रचनात्मक अंतर्दृष्टि, क्रियाशील परिणाम और इस राष्ट्र की जनता की निष्पक्षता, विनम्रता और समर्पण के साथ सेवा करने की एक नई प्रतिबद्धता की ओर ले जाएगी।

इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी के अधिकारीगण, और रायपुर, धमतरी, बलौदाबाजार, महासमुंद जिलों के न्यायिक अधिकारी उपस्थित थे। स्वागत भाषण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायपुर द्वारा दिया गया। सेमिनार में परिचयात्मक भाषण छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी के निदेशक द्वारा प्रस्तुत किया गया और धन्यवाद ज्ञापन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रायपुर द्वारा किया गया।

इस सेमिनार में कुल 126 न्यायिक अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें से प्रत्येक जिले के प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों जैसे – निष्पादन में तेजी लाना, गिरफ्तारी, रिमांड और जमानत से संबंधित प्रावधान, हिंदुओं में उत्तराधिकार और विरासत से संबंधित कानून का विश्लेषण, अभियुक्त की परीक्षा का उद्देश्य और प्रक्रिया पर अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दीं।

 

छत्तीसगढ़: बिल्हा ने देशभर में बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान – स्वच्छता में देशभर में प्रथम, ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने की सराहना

छत्तीसगढ़: बिल्हा ने देशभर में बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान – स्वच्छता में देशभर में प्रथम, ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने की सराहना

छत्तीसगढ़ की नगर पंचायत बिल्हा ने स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण 2024–25 में 20,000 से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे भारतवर्ष में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए दिनांक 17 जुलाई 2025 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा बिल्हा नगर पंचायत को सम्मानित किया गया था। आज इस गौरवशाली उपलब्धि की प्रतिध्वनि ‘मन की बात’ के राष्ट्रीय मंच तक पहुँची, जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 124वें संस्करण में बिल्हा नगर पंचायत की महिलाओं द्वारा किए गए नवाचार और श्रम का उल्लेख करते हुए सराहना की।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिल्हा की महिलाओं को वेस्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी गई और उन्होंने मिलकर शहर की तस्वीर बदल डाली। यह उल्लेख पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है, जिसने स्वच्छता को न केवल शासकीय योजना के रूप में, बल्कि सामुदायिक आंदोलन के रूप में अपनाया है।

नगर पंचायत बिल्हा की आबादी लगभग 15,000 है, जहाँ 28 स्वच्छता दीदियाँ कार्यरत हैं। ये दीदियाँ नगर के 15 वार्डों में घर-घर जाकर ई-रिक्शा के माध्यम से कचरा संग्रहण का कार्य करती हैं और फिर कचरे को SLRM सेंटर में ले जाकर गीला और सूखा कचरा पृथक करती हैं। गीले कचरे से खाद बनाई जाती है और सूखे कचरे को बेचकर ये महिलाएँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं। इसके अतिरिक्त बिल्हा नगर में 10 विशेष स्वच्छता कमांडो भी नियुक्त किए गए हैं जो ट्रैक्टर और ऑटो टिपर के माध्यम से पूरे शहर में घूमकर कचरा सफाई और जन-जागरूकता का कार्य कर रहे हैं। बिल्हा नगर पंचायत द्वारा जन-जागरूकता अभियान, मुनादी, और घरों-दुकानों से सीधे कचरा संग्रहण जैसे कदमों से आज नगरवासी कचरे को पृथक कर ई-रिक्शा में देने के लिए प्रेरित हो चुके हैं। मुक्तिधाम, तालाब, गार्डन, सामुदायिक भवन आदि में सामूहिक सफाई अभियान भी समय-समय पर चलाए जाते हैं। इस सफलता का श्रेय सभी सफाई कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों, नगर पंचायत के अधिकारियों, कर्मचारियों और सकारात्मक सोच वाले जनप्रतिनिधियों को जाता है, जो निरंतर निरीक्षण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भारत में 20,000 से कम आबादी वाले 2000 से अधिक नगरीय निकाय हैं। भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय द्वारा स्वतंत्र एजेंसियों के माध्यम से सफाई व्यवस्था का परीक्षण, जिसमें डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, रोड स्विपिंग, नाइट स्विपिंग, कचरा निपटान, शौचालयों और पार्कों की सफाई व्यवस्था सहित जनता से फीडबैक शामिल था, उसी के आधार पर यह सम्मान मिला है।

इस अवसर पर विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष श्रीमती वंदना जेन्ड्रे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री प्रवीण सिंह गहलोत, उपाध्यक्ष श्री सतीश शर्मा, पीआईसी सदस्य श्री मोहन ढोरिया, तत्कालीन उप अभियंता श्री नरेंद्र दुबे, सफाई दरोगा श्री यशवंत सिंह, स्वच्छता सुपरवाइजर श्री राकेश डागोर, स्वच्छता दीदी श्रीमती पूजा राठौर एवं पीआईयू श्री अंकित दुबे विशेष रूप से उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि बिल्हा नगर पंचायत ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। भारत सरकार के स्वच्छता सर्वेक्षण 2024–25 में देशभर के 20,000 से कम आबादी वाले शहरों में प्रथम स्थान प्राप्त कर बिल्हा ने न केवल प्रदेश का मान बढ़ाया है, बल्कि यह सिद्ध किया है कि संकल्प, सहभागिता और सेवा भाव से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बिल्हा की महिलाओं और उनके स्वच्छता नवाचार की प्रशंसा करना इस उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक बना देता है। यह समस्त छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है।

उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि बिल्हा नगर पंचायत ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024–25 में पूरे भारत में प्रथम स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का मान पूरे देश में बढ़ाया है। यह सफलता हमारे नगरीय निकायों की प्रतिबद्धता, कार्यशैली और जनभागीदारी का जीवंत उदाहरण है। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य नगर निकायों को भी नई प्रेरणा देगी और हम सब मिलकर स्वच्छता में छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

 

महासमुंद:ग्राम बोरियाझर पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर टंगिया से हमला, गंभीर घायल – मामला दर्ज

महासमुंद:ग्राम बोरियाझर पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर टंगिया से हमला, गंभीर घायल – मामला दर्ज

महासमुंद, वार्ड क्रमांक 09 बोरियाझर निवासी एक युवक पर आपसी विवाद के चलते टंगिया से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने महासमुंद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें आरोपी द्वारा गाली-गलौज के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दिनांक 23 जुलाई 2025 की शाम करीब 6:30 बजे की है। पीड़ित युवक अपने दोस्तों जोहन लाल ध्रुव, देवेंद्र बंछोर और खोमन यादव के साथ बजरंग चौक के पास पीपल के पेड़ के नीचे बैठा हुआ था। बातचीत के दौरान अचानक खोमन यादव ने पुरानी बातों को लेकर अपशब्द कहना शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपी अपने घर से टंगिया लेकर आया और पीठ पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा।

झगड़ा बढ़ता देख मौके पर मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। जाते-जाते आरोपी खोमन यादव ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती किया गया, जहां वह अगले दिन तक उपचाररत रहा।

पीड़ित ने बताया कि वह इस घटना से डरा-सहमा हुआ है और उसे व उसके दोस्तों को गालियों से मानसिक आघात भी पहुँचा है। पीड़ित की शिकायत पर महासमुंद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 351(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है, और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पिथौरा: तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की ठोकर से वृद्ध घायल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

पिथौरा: तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की ठोकर से वृद्ध घायल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

पिथौरा — नगर के वार्ड क्रमांक 14 निवासी एक व्यक्ति के चाचा आज सुबह एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, महेश निषाद नामक व्यक्ति सुबह लगभग 08:00 बजे साइकिल से अपने खेत जा रहे थे। लगभग 08:15 बजे जब वे बागबाहरा रोड स्थित मुक्तिधाम पिथौरा के पास पहुँचे, उसी समय पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 HB 1803) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए महेश निषाद को पीछे से टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर, बाएं हाथ और पीठ में गंभीर चोटें आईं। तत्काल उन्हें सेतकुंवर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घायल के परिजन की रिपोर्ट के आधार पर मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 125(ए)-BNS एवं 281-BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

स्थानीय नागरिकों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की मांग की है।

छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है— मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है— मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की कार्यकारिणी बैठक में शामिल हुए। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के वार्षिक बजट का अनुमोदन किया गया। साथ ही, मुख्यमंत्री श्री साय ने स्टेडियम परिसर में संघ के अध्यक्ष के नवीन कार्यालय कक्ष का विधिवत उद्घाटन भी किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु हमारी सरकार ने खेल अलंकरण समारोहों का पुनः शुभारंभ किया है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शीघ्र ही पूर्ण की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन दिया कि संघ के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों के विकास के लिए वृहद स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को ₹3 करोड़, रजत पदक विजेताओं को ₹2 करोड़ तथा कांस्य पदक विजेताओं को ₹1 करोड़ की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, ओलंपिक खेलों में केवल प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी बताया कि वे स्वयं राज्य तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष हैं और बचपन से उन्हें तीरंदाजी का शौक रहा है। उन्होंने कहा कि जशपुर में एनटीपीसी के सहयोग से तीरंदाजी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ एक उद्योग प्रधान और खनिज संसाधनों से भरपूर राज्य है। सरकार का प्रयास रहेगा कि सीएसआर मद के माध्यम से खेलों के लिए आधारभूत ढांचे का विकास किया जाए।

बैठक को संबोधित करते हुए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के मार्गदर्शन में वर्षों से बंद खेल अलंकरण समारोह पुनः आरंभ किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची भी घोषित की जाएगी। श्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर देने की है।

उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ युवा रत्न पुरस्कार की भी घोषणा की गई है, जिसके अंतर्गत खेल, कला, संगीत, साहित्य, उद्योग, व्यापार आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत प्रत्येक जिले में खेलों को बढ़ावा देने के कार्य किए जा रहे हैं। बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इस आयोजन की प्रधानमंत्री ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी प्रशंसा की है।

इस अवसर पर सांसद एवं ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष श्री विजय बघेल ने भी बैठक को संबोधित किया और प्रदेश में खेलों के विस्तार के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए संगठनात्मक सुदृढ़ता और संसाधनों की उपलब्धता पर बल दिया।

बैठक में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव श्री विक्रम सिंह सिसोदिया ने वर्ष 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए राज्य सरकार से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खेलों के विकास के लिए लिए गए निर्णयों और सहयोग से प्रदेश में एक सकारात्मक खेल वातावरण निर्मित हो रहा है। इस अवसर पर संघ के अनेक पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

 

आज का राशिफल पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति

आज का राशिफल पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति

 

🕉श्री हरिहरो विजयतेतराम🕉

🌄सुप्रभातम🌄

पंडित भूपेंद्र श्रीधर सतपति ज्योतिषाचार्य एम ए संस्कृत हस्तरेखा वास्तु शास्त्र भूमि भवन में वास्तुदोष निवारण पारिवारिक जीवन में तनाव बच्चों को पढ़ाई में मन नहीं लगना विवाह विलम्ब राज़ योग भाग्योदय व्यापार व्यवसाय में सफलता जन्म कुंडली निर्माण कालसर्प योग मांगलिक योग पितृ दोष निवारण भविष्य में होने वाले घटनाक्रम की जानकारी विदेश यात्रा पति-पत्नी में मतभेद प्रेम प्रसंग में सफलता ज्योतिष परामर्श ज्योतिष कार्यालय जोगनीपाली तहसील पोस्ट थाना सरायपाली जिला महासमुंद 9926826570 फोन पेय 8889391334

आज का राशिफल

🐐🐂💏💮🐅👩

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज भी परिस्थितियां आपके पक्ष में बनी रहेंगी कार्य व्यवसाय में व्यवहारिकता का सकारात्मक फल मिलने से दिनचार्य से संतोष करेंगे। मध्यान के समय कार्यो को पूर्ण करने की जल्दी में कुछ उल्टा-सीधा हो सकता है फिर भी आज आप जोड़ तोड़ करने अपना काम निकाल ही लेंगे। नौकरी पेशा लोग अधिकारी वर्ग से अपनी बात मनवाने के लिए गुप्त युक्तियां लगाएंगे लेकिन इसमे सफलता निश्चित नही रहेगी। धन लाभ भी आपके परिश्रम की तुलना से अधिक हो सकता है परंतु इसके लिए कार्य क्षेत्र पर अनर्गल बातो को छोड़ लक्ष्य को केंद्रित रकह कार्य करें। स्त्रीवर्ग आज ज्यादा भावुक रहेंगी कोई इसका गलत फायदा भी उठा सकता है। आंख बंद कर किसी पर विश्वास ना करें।

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज का दिन मिश्रित फलदायी रहेगा। आज आपकी आवश्यकता पूर्ति थोड़े से प्रयास से हो जाएगी लेकिन फिर भी मन में संतोष नही होगा कुछ ना कुछ कमी बनी रहेगी। मेहनत करने पर संध्या तक आर्थिक स्थिति बेहतर हो जायेगी। पुराने उधार चुकता होने पर राहत मिलेगी। महिलाये आज महंगी वस्तुओं की खरीददारी का मन बनाएंगी लेकिन अंत समय मे कोई व्यवधान आ सकता है। पारिवारिक वातावरण में छुट-पुट छींटा कशी लगी रहेगी फिर भी स्थिति सामान्य बनी रहेगी। संतानो के ऊपर खर्च करने के बाद भी परिणाम आशानुकूल नही रहेंगे। घर के बुजुर्गो अथवा महिलाओ से वित्तीय लाभ की सम्भावना है।

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन राहत वाला रहेगा लेकिन आज आपके स्वभाव में अचानक परिवर्तन देखने को मिलेगा। अपनी बचकानी हरकतों से आसपास का माहौल हल्का बनाएंगे फिर भी व्यवहार ने ज्यादा चंचलता ना आने दें अन्यथा मजाक में किसी से झड़प हो सकती है।

कार्य व्यवसाय के सिलसिले में मध्यान तक दौड़-धूप परिश्रम करना पड़ेगा इसके बाद ही लाभ की संभावनाएं बनेंगी। धन लाभ निश्चित ना होकर आकस्मिक ही होगा जिससे आगे की योजनाएं बनाने में परेशानी आएगी। नौकरी पेशा जातको को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। परिवारक दायित्वों की पूर्ति करने में थोड़े असहज रह सकते है लेकिन ले देकर इससे भी पार पा लेंगे महिलाओ का स्वभाव चिड़चिड़ा रहेगा।

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज का दिन आपके लिये हानिकर रहेगा। कार्य क्षेत्र एवं गृहस्थी में तालमेल बैठाना बहुत मुश्किल रहेगा एक कार्य करने के चक्कर मे अन्य कार्य की हानि निश्चित है। आस-पास का वातावरण आपको ना चाहते हुए भी क्रोध करने पर मजबूर करेगा। कार्य क्षेत्र एवं परिवार में भी महिला वर्ग से तकरार होने की सम्भवना है। भाई-बंधु अथवा पड़ोसियों के साथ मामूली बात का बतंगड़ बनने से अशांत रहेंगे। कार्य व्यवसाय पर भी व्यवस्था की कमी रहने के कारण व्यवधान आएंगे। आज आप जिस लाभ एवं सम्मान के अधिकारी है वह परिचित व्यक्ति से मतभेद कारण नही मिल सकेगा। महिलाओ में भी अहम की भावना अधिक रहेगी नुकसान भले ही हो जाये परन्तु झुकेगी नही। दाम्पत्य जीवन मे नीरसता रहेगी।

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज का दिन लाभदायक रहने वाला है लेकिन आज आशाजनक लाभ पाने के लिये वाणी में मिठास रखने की आवश्यकता पड़ेगी। दिन के आरंभ में मन के अनुसार कार्य ना होने पर क्रोध आएगा धर्य धारण करें दिन आज आपके पक्ष में ही है लाभ देर से ही सही अवश्य मिलेगा। मन मे अहम आने से अपने आगे किसी को नही गिनेंगे किसी के सम्मान को ठेस पहुचाने पर मतभेद हो सकते है। आर्थिक रूप से दिन उत्तम रहेगा जिस भी कार्य मे हाथ डालेंगे वहां से कुछ ना कुछ लाभ अवश्य मिलेगा। परिवार की महिलाये एवं बुजुर्ग आपकी किसी बुरी आदत से दुखी होंगे। संध्या के समय घरेलू खर्च के साथ ही मौज शौक पर खर्च होगा। सुखोपभोग आज आपकी प्राथमिकता रहेगी।

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज के दिन आपको व्यवसाय के साथ अन्य घरेलू कार्यो को लेकर भागदौड़ करनी पड़ेगी दिन कार्य सफलता वाला है इसलिए भागदौड़ का परिणाम संतोषजनक ही रहेगा। दिन के आरम्भ में व्यवसाय से शुभ समाचार मिलेंगे धन लाभ थोड़े अंतराल पर होता रहेगा। नौकरी पेशा जातक भी अधिकारी वर्ग के निकट रहने से आसानी से अपनी कामना सिद्धि कर सकेंगे। महिलाये आध्यात्म में रुचि लेंगी लेकिन सुख सुविधाओं को लेकर असंतुष्ट भी रहेंगी। घर अथवा व्यावसायिक स्थल को नया रूप देने के लिये तोड़-फोड़ करने की योजना बनायेंगे। नये कार्यानुबन्ध हाथ मे लेना आज शुभ रहेगा। कही से रुका धन मिलने से प्रसन्नता होगी। घर मे मामूली बहस के बाद भी स्थिति सुखदायी रहेगी। सेहत सामान्य रहेगी।

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज के दिन आपको धार्मिक एवं परोपकारी स्वभाव का लाभ प्रत्येक क्षेत्र में मिलेगा। दिन के आरंभ में पूजा पाठ देवदर्शन के योग है इसके बाद का समय व्यस्तता से भरा रहेगा। पारिवारिक एवं सामाजिक मामलों में निष्पक्ष फैसले लेने पर छवि सम्मानजनक बनेगी। परिवार के सदस्यों के साथ ही रिश्तेदार भी महत्त्वपूर्ण कार्यो में आपकी राय लेंगे लेकिन आज किसी की जमानत लेने से बचें अन्यथा बैठे बिठाये सरदर्दी बढ़ेगी। कार्य व्यवसाय सुव्यवस्थित रूप से चलेगा धन लाभ आशा जनक होगा। महिलाओ को मनपसंद वस्तु की प्राप्ति होगी। परिचितों के कार्यो में भी सहयोग करेंगे। घर एवं बाहर के लोग आपकी प्रसंशा अवश्य करेंगे। स्वास्थ्य में नया विकार बनेगा।

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन शारीरिक एवं आर्थिक दृष्टिकोण से उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। एक पल में प्रसन्न अगले ही पल उदास होने पर मानसिक स्थिति दुविधापूर्ण रहेगी। व्यवसाय से धन लाभ होगा लेकिन धन आने के साथ ही जाने के रास्ते भी बना लेगा। पारिवारिक जन की सेहत अथवा रिश्तेदारी पर खर्च करना पड़ेगा। नौकरी वाले लोगो को कार्य जल्दी पूर्ण करने के प्रयास में गलती होने पर विलम्ब होगा। महिलाये किसी गलतफहमी की शिकार होंगी परिवार का वातावरण चिंताजनक रहेगा। संध्या पश्चात कुछ राहत मिलेगी। यात्रा में सेहत एवं सामान के प्रति सावधानी बरतें। बुजुर्ग लोग अचानक नाराज होंगे।

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन शुभ फलदायी है आज आप विपरीत परिस्थिति में भी अपने पराक्रम से धन कमाएंगे। स्वभाव में भावुकता अधिक रहेगी परिवार में किसी न किसी से ईर्ष्या युक्त संबंध रहने पर भी अपनी तरफ से स्नेह देने का प्रयास करेंगे लेकिन बदले में भाई की अपेक्षा बहन से अधिक स्नेह मिलेगा। कार्य व्यवसाय में परिश्रम करने से पीछे नही हटेंगे इसी के बल पर आज धन लाभ भी होगा। सार्वजनिक क्षेत्र पर आपकी पहचान गंभीर व्यक्तित्व लेकिन मिलनसार जैसे बनेगी। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े जातको को विशेष लाभ मिलने की संभावना है। मन मे यात्रा की योजना बनेगी लेकिन अकस्मात ही होगी अथवा निरस्त करनी पड़ेगी। पिता का सहयोग समय पर ना मिलने का दुख मन मे रहेगा। रक्त अथवा उदर संबंधित शिकायत रह सकती है।

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन संपन्नता कारक रहेगा। मध्यान तक अधूरे कार्यो को पूर्ण करने की जल्दबाजी रहेगी इसके बाद परिश्रम का फल लाभ के रूप में मिलने लगेगा। अकस्मात धन की प्राप्ति से उत्साह वृद्धि होगी। पारिवारिक संबंध आपकी उन्नति में सहायक बनेंगे। लेकिन भाई-बंधुओ से किसी पुरानी बात को लेकर खींच-तान होने की संभावना भी है। महिलाये किसी अन्य महिला से मन ही मन इर्ष्या का भाव रखेंगी। घरेलू अथवा अन्य कार्य भी रूखे मन से करेंगी। घरेलू वातावरण आपकी आलसी अथवा टालमटोल वाली वृति से अस्त-व्यस्त रहेगा। प्रेम-प्रसंगों में अधिक भावुकता दुख का कारण बनेगी। बुजुर्गो का सहयोग एवं मार्गदर्शन मिलेगा।

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन पिछले दिन की अपेक्षा सुधार लाएगा। मन मे चल रही बातो को बेजीझक होकर बोलेंगे जिससे आपसी गकतफहमिया कम होंगी फिर भी परिजनो के आगे ज्यादा खुलापन नए विवाद को जन्म दे सकता है सतर्क रहें।

आज आपको कोई नापसंद कार्य भी मजबूरी में करना पड़ेगा। आर्थिक रूप से दिन सामान्य से उत्तम रहेगा लेकिन आकस्मिक खर्च भी साथ मे लगे रहने से बचत नही कर पाएंगे। आप जिस किसी से भी कोई वादा करेंगे उसे अवश्य पूरा करेंगे। मध्यान तक परिश्रम का फल ना मिलने से निराशा रहेगी परन्तु संध्या के समय धन की आमद होने लगेगी व्यवसाय में आज विस्तार ना करें। नौकरी पेशा कार्यभार बढ़ने से थकान अनुभव करेंगे। घर मे कुछ मतभेद के बाद भी शांति बनी रहेगी।

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज के दिन आपको विशेष सावधानी बरतने की सलाह है। स्वभाव में नरमी रख कर ही आज का दिन सामान्य रूप से बिताया जा सकता है। अपने कार्य निकलने के लिये अन्य लोगो का मोहताज होना पड़ेगा। मध्यान तक लगभग सभी कार्य अव्यवस्थित रहेंगे जिस भी कार्य को करने का मन बनाएंगे उसमे कोई ना कोई उलझन पड़ेगी। आर्थिक कमी रहने से मन मे नकारात्मक भाव आएंगे। महिलाओ को पेट, कमर अथवा जोड़ो संबंधित परेशानी रहने के कारण घर के कार्यो में विलंब होगा। कार्य व्यवसाय में से भी आज निराशा ही हाथ लगेगी। आज आप केवल व्यवहारिकता के बल पर ही लाभ कमा सकते है। घर मे किसी सदस्य से अथवा कार्य क्षेत्र पर उग्र वार्ता होने की संभावना है। सरदर्द की समस्या भी रहेगी।

 

*IND vs ENG Day-5: जिगरबाज वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा का शतक, चौथा टेस्ट मैच हुआ ड्रॉ*

*IND vs ENG Day-5: जिगरबाज वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा का शतक, चौथा टेस्ट मैच हुआ ड्रॉ*

मैनचेस्टर टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। भारतीय बल्लेबाजों ने गजब की लड़ाई लड़ी। इस सीरीज में इंग्लैंड अभी भी 2-1 से आगे है लेकिन भारत के लिए सुखद खबर यह है कि वह अभी भी सीरीज हारा नहीं है और अंतिम मैच में भारत के पास सीरीज बराबर करने का मौका होगा।

भारत और इंग्‍लैंड के बीच सीरीज का चौथा टेस्‍ट मैच मैनचेस्‍टर में खेला गया। आखिरी दिन भारत ने गजब की लड़ाई लड़ी।

भारत को यह मैच बचाने के लिए अंतिम दिन बल्लेबाजी करनी थी और 2 विकेट गिर चुके थे। पहले सत्र में एक बार फिर गिल और राहुल के रूप में दो सेट बल्लेबाजों के विकेट गिरे और पहली ही गेंद पर जाडेजा को जीवनदान भी मिला।

उस स्थिति से एक बार फिर जाडेजा और उनके साथ वॉशिंगटन ने मिलकर भारतीय पारी को संभाला और दोनों बल्लेबाजों ने शतक जड़ते हुए मैच ड्रॉ करा लिया।

इस सीरीज में इंग्लैंड अभी भी 2-1 से आगे है लेकिन भारत के लिए सुखद खबर यह है कि वह अभी भी सीरीज हारा नहीं है और अंतिम मैच में भारत के पास सीरीज बराबर करने का मौका होगा।

पांचवें दिन केएल राहुल शतक बनाने से चूक गए और 90 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान गिल ने शतक जड़ा। इसके बाद जो हुआ वह इतिहास बन गया। जडेजा और सुंदर के बीच नाबाद 203 रन की साझेदारी हुई।

वहीं, भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार तीन बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में शतक जड़ा। इसमें गिल, जाडेजा और वॉशिंगटन शामिल रहे।

छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण पर सख्त कानून लाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। सीएम विष्णुदेव साय ने हिंदू अधिवेशन में कानून का ड्राफ्ट तैयार होने की जानकारी दी। साथ ही सड़कों से मवेशियों को हटाने के लिए बड़े फैसले लेने का भरोसा भी दिलाया।

छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण पर बनेगा नया कानून: सीएम विष्णुदेव साय ने किया ऐलान, विधानसभा के अगले सत्र में पेश होगा विधेयक
छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण पर सख्त कानून लाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। सीएम विष्णुदेव साय ने हिंदू अधिवेशन में कानून का ड्राफ्ट तैयार होने की जानकारी दी। साथ ही सड़कों से मवेशियों को हटाने के लिए बड़े फैसले लेने का भरोसा भी दिलाया।

छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आ रही धर्मांतरण (Religious Conversion) की घटनाओं के बीच सरकार अब सख्त रुख अपनाने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) ने बिलासपुर जिले के शदाणी दरबार (Shadani Darbar) में आयोजित हिंदू राष्ट्रीय अधिवेशन (Hindu Rashtra Adhiveshan) के मंच से बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण को रोकने के लिए एक नया कानून तैयार कर लिया है, जिसे आगामी विधानसभा सत्र में पेश किया जाएगा।

सीएम साय ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा, “राज्य में धर्मांतरण की घटनाएं चिंताजनक हैं। हमने इसका संज्ञान लिया है और एक सख्त कानून का ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है, जिसे जल्दी ही विधानसभा में पेश किया जाएगा। इस कानून के तहत जबरन धर्मांतरण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

गौशालाओं को मिलेगी बड़ी सहायता
बड़ी खबर : सरकार विधानसभा के अगले सत्र में लाएगी धर्मांतरण पर नया कानून, सीएम साय ने की घोषणा…

मुख्यमंत्री साय ने अपने भाषण में गौसेवा (Cow Protection) पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अब किसी भी हालत में राज्य की सड़कों पर गाय या अन्य मवेशी नजर नहीं आने चाहिए। इसके लिए राज्य सरकार ने गौशालाओं (Gaushalas) को मिलने वाली सहायता राशि को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का फैसला किया है।

उन्होंने यह भी बताया कि नगरीय क्षेत्रों में गौशालाएं बनाई जा रही हैं और स्थानीय प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों पर मवेशी न दिखें। सीएम ने कहा, “जब गाय दूध देना बंद कर देती है, तो उसे सड़कों पर छोड़ दिया जाता है। यह बहुत गलत परंपरा है। हिंदू समाज को इसे बदलना होगा।”

 

जशपुर में चर्च का जिक्र और ‘घर वापसी’ की सराहना
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जशपुर (Jashpur) का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां एशिया का दूसरा सबसे बड़ा चर्च स्थित है, लेकिन इसके बावजूद वहां दिलीप सिंह जूदेव (Dilip Singh Judeo) और उनके पुत्र प्रबल प्रताप जूदेव (Prabal Pratap Judeo) ने “घर वापसी” अभियान को मजबूती दी है। सीएम ने कहा कि राज्य के गांव-गांव में कल्याण आश्रम (Kalyan Ashram) के कार्यकर्ता हिंदू धर्म के प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं।

छत्तीसगढ़/ कुतुब मीनार से ऊँचा जैतखाम सतनामी समाज का गौरव है / / सतनामी समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथग्रहण समारोह में हुए शामिल मुख्यमंत्री

छत्तीसगढ़/ कुतुब मीनार से ऊँचा जैतखाम सतनामी समाज का गौरव है / / सतनामी समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथग्रहण समारोह में हुए शामिल मुख्यमंत्री

 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
कुतुब मीनार से ऊँचा जैतखाम सतनामी समाज का गौरव है
बाबा गुरु घासीदास जी के आशीर्वाद से वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को करेंगे पूर्ण

सतनामी समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथग्रहण समारोह में हुए शामिल

रायपुर में बहुद्देशीय सतनामी समाज भवन हेतु 1 करोड़ रुपये की घोषणा

गिरौदपुरी स्थित मड़वा महल के अधूरे कार्यों हेतु 50 लाख की मंजूरी

प्रतिभावान विद्यार्थियों को राज्य सरकार देगी 5-5 हजार की प्रोत्साहन राशि

बाबा गुरु घासीदास जी के आशीर्वाद से वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को करेंगे पूर्ण

बाबा गुरु घासीदास जी के आशीर्वाद से वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को करेंगे पूर्ण

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सतनामी समाज के नवनिर्वाचित प्रदेश पदाधिकारियों के शपथग्रहण समारोह में सम्मिलित हुए। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा समाज के विकास का मूलमंत्र है। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए हम सबको मिल-जुलकर कार्य करना होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में गिरौदपुरी धाम में कुतुब मीनार से भी ऊँचा जैतखाम निर्मित किया गया, साथ ही अनेक विकास कार्य भी संपन्न हुए। इससे न केवल समाज का गौरव बढ़ा है, बल्कि सतनामी समाज को वैश्विक पहचान भी मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इसी अनुरूप हमारी सरकार ने भी छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि बाबा गुरु घासीदास जी के आशीर्वाद से यह संकल्प अवश्य पूर्ण होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर राजधानी रायपुर में सतनामी समाज के बहुद्देशीय भवन निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, गिरौदपुरी स्थित मड़वा महल के शेष अधूरे कार्यों की पूर्णता हेतु 50 लाख रुपये की मंजूरी भी प्रदान की गई। उन्होंने समारोह में सम्मानित हो रहे प्रतिभावान विद्यार्थियों को पाँच–पाँच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर कक्षा 10वीं और 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सतनामी समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जब समाज के पदाधिकारी प्रतिबद्धता, निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते हैं, तो समाज की विश्वसनीयता बढ़ती है और समरसता के साथ समाज प्रगति की दिशा में अग्रसर होता है। उन्होंने कहा कि टीम भावना से कार्य करने पर रचनात्मक प्रयासों को बल मिलता है। उन्होंने गिरौदपुरी धाम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री एल.एल. कोसले के नेतृत्व में भव्य धर्मशाला निर्माण की पहल के लिए बधाई भी दी।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के आशीर्वाद से उन्हें सार्वजनिक जीवन के इन 40 वर्षों में विधायक, सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री और अब विधानसभा अध्यक्ष जैसे विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने का अवसर मिला। बाबा जी का “मनखे-मनखे एक बराबर” का संदेश, श्वेत ध्वजा और श्वेत वस्त्र प्रदेश को शांति का प्रतीक बनाते हैं। पंथी नृत्य की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति भी विश्व में छत्तीसगढ़ की शांति व समरसता को स्थापित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी की सहभागिता और बाबा जी के आशीर्वाद से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश का सबसे विकसित राज्य बनेगा।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि समाज की उन्नति के लिए सामाजिक एकता और शिक्षा दो महत्त्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और प्रत्येक वर्ष प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में सतनामी समाज उन्नति के नए शिखर पर पहुँचेगा।

खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने सतनामी समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि इन पदाधिकारियों के कंधों पर समाज को सशक्त बनाने की बड़ी ज़िम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में समाज को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उद्योग, व्यापार एवं स्वरोजगार की दिशा में समाज को आगे आने का आह्वान किया। मंत्री श्री बघेल ने जानकारी दी कि देशभर से पधारे सतनामी समाज के आध्यात्मिक गुरुओं की उपस्थिति में गिरौदपुरी धाम में ‘गुरु दर्शन’ के उपरांत एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी समाजजनों की सहभागिता अपेक्षित है।

कार्यक्रम को सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, गुरु खुशवंत साहेब, प्रगतिशील सतनामी समाज के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री एल.एल. कोसले ने भी संबोधित किया।

इस शपथग्रहण समारोह में विधायकगण श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, श्रीमती उत्तरी जांगड़े, श्रीमती शेषराज हरवंश, श्रीमती कविता प्राण लहरे, उत्तर प्रदेश से श्री कमलेश दास, असम से श्री मदन सतनामी, बिहार से श्री श्याम दास, ओडिशा से सूरज भारती, राजस्थान से मारवाड़ सतनामी समाज के अध्यक्ष श्री महेंद्र सतनामी, मध्यप्रदेश से श्री किशन बंजारे तथा दिल्ली से डॉ. जगजीवन खरे सहित सतनामी समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अध्यात्म गुरुगण उपस्थित रहे। साथ ही, प्रदेश साहू समाज, यादव समाज, कुर्मी समाज, सर्व आदिवासी समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिगण भी इस समारोह में सम्मिलित हुए।