महासमुंद : प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम बना राजेंद्र के सपनों का आधार

महासमुंद : प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम बना राजेंद्र के सपनों का आधार

शुरू किया सेंटरिंग प्लेट व्यवसाय

09.5 लाख की ऋण सहायता से शुरू किया व्यवसाय, अब अर्जित कर रहे नियमित आय

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी और प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रहने वाले बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को स्वयं का उद्यम स्थापित करने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिसमें एक निश्चित प्रतिशत तक अनुदान (सब्सिडी) भी प्रदान किया जाता है।

इसी योजना के तहत महासमुंद विकासखंड के ग्राम खरोरा निवासी श्री राजेंद्र चंद्राकर ने लाभ प्राप्त किया। श्री चंद्राकर ने स्नातक स्तर तक शिक्षा प्राप्त की है। शिक्षा पूर्ण करने के पश्चात् उन्होंने नौकरी की बजाय स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने का निश्चय किया, ताकि वे स्वावलंबी बन सकें। हालांकि, व्यवसाय की शुरुआत के लिए उनके पास आवश्यक पूंजी की कमी थी, जिससे उनका सपना साकार नहीं हो पा रहा था। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में जानकारी प्राप्त हुई, जिसने उनके लिए एक नई राह खोल दी।

इसी योजना का लाभ उठाने के उद्देश्य से श्री चंद्राकर ने खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग, जिला पंचायत महासमुंद से संपर्क किया। उन्होंने विभाग से योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की, जिसमें उन्हें योजना के अंतर्गत पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, अनुदान की सीमा, ऋण की शर्तें, एवं व्यावसायिक गतिविधियों की सूची जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। विभाग की मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार श्री चंद्राकर ने निर्धारित प्रारूप में अपना ऋण प्रकरण तैयार कर आवेदन जमा किया।

उनका ऋण आवेदन खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा औपचारिक रूप से पंजाब नेशनल बैंक, महासमुंद शाखा को अग्रेषित किया गया। बैंक द्वारा श्री राजेंद्र के ऋण प्रकरण की विधिवत समीक्षा एवं मूल्यांकन के पश्चात उन्हें 9,50,000 की ऋण सहायता स्वीकृत की गई।

इस आर्थिक सहायता का उपयोग करते हुए श्री राजेंद्र ने निर्माण कार्यों में उपयोग आने वाली लकड़ी की सेंट्रिंग प्लेटों की खरीदारी की। उन्होंने इन प्लेटों को स्थानीय शासकीय निर्माण कार्यों तथा निजी ठेकेदारों को किराये पर देना प्रारंभ किया। वर्तमान में वे प्रति फीट 05 रुपए की दर से सेंट्रिंग प्लेटों को किराए पर उपलब्ध कराते हैं। इनका उपयोग शासकीय भवन निर्माण तथा निजी निर्माण कार्यों में किया जाता है। सस्ती और सुलभ दरों के कारण इनकी मांग लगातार बनी हुई है, जिससे राजेंद्र को नियमित आय प्राप्त हो रही है और उनका व्यवसाय धीरे-धीरे सफलतापूर्वक विस्तार की ओर अग्रसर है। वर्तमान में श्री चंद्राकर इस केंद्र के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 30 से 35 हजार की आय अर्जित कर रहे हैं। साथ ही वे ऋण की मासिक किश्तों का समय पर और नियमित रूप से भुगतान कर रहे हैं। जिससे उनकी वित्तीय साख भी मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से श्री चंद्राकर न केवल अपनी आजीविका चला रहे हैं, बल्कि समाज में सम्मानजनक जीवन भी व्यतीत कर रहे हैं।

महासमुंद : जिले में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान 15 जून से

महासमुंद : जिले में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान 15 जून से

308 ग्रामों में विशेष शिविरों का आयोजन

3 हजार से अधिक कमार जनजातियों को मिलेगा सीधा लाभ

केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा आदिवासी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान ’धरती आबा’ की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में महासमुंद जिले में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के नेतृत्व में इस अभियान के सफल संचालन और आम नागरिकों के बीच व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करने के लिए 15 जून से 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदायों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं की मुख्यधारा से जोड़ते हुए समावेशी विकास को बढ़ावा देना है।

इस अभियान में कमार जनजाति पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। जिले के तीन विकासखंडों के 77 चिन्हांकित ग्रामों में निवासरत लगभग 3271 कमार जनजाति के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। अभियान की पारदर्शिता एवं सफलता सुनिश्चित करने हेतु जिला एवं विकासखंड स्तर पर विशेष निगरानी समितियाँ गठित की गई हैं, जिनकी सतत निगरानी कलेक्टर स्वयं कर रहे हैं। आदिवासी विकास विभाग को इस अभियान का नोडल विभाग नियुक्त किया गया है, जो अन्य सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य का संचालन कर रहा है।

जिले के पांचों विकासखंडों के 308 चयनित ग्रामों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से केंद्र सरकार के 18 मंत्रालयों की 25 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाया जाएगा। महासमुंद के 25, बागबाहरा के 33, पिथौरा के 210, बसना के 24 और सरायपाली के 16 ग्रामों में लगने वाले इन शिविरों के माध्यम से हितग्राहियों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, जनधन योजना, सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, नरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुद्रा लोन, मातृ एवं शिशु कल्याण लाभ से आच्छादित किया जाएगा। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उद्देश्य जनजातीय बहुल गांवों और आकांक्षी जिलों में जनजातीय परिवारों के लिए परिपूर्णता कवरेज अपनाकर जनजातीय समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार करना और उन्हें केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनका लाभ दिलवाना है।

रायपुर : राज्यपाल श्री डेका ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले स्वर्गीय श्री अग्रवाल के परिजनों को दी सहायता राशि

रायपुर : राज्यपाल श्री डेका ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले स्वर्गीय श्री अग्रवाल के परिजनों को दी सहायता राशि

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले रायपुर निवासी स्वर्गीय श्री दिनेश अग्रवाल की पत्नी श्रीमती नेहा अग्रवाल को स्वेच्छानुदान मद से गत दिवस 2 लाख रूपए की सहायता राशि संबंधी चेक प्रदान किया।

 

 

रायपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना बनी ग्रामीण महिला समूहों की आजीविका का आधार

रायपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना बनी ग्रामीण महिला समूहों की आजीविका का आधार

सेंटरिंग सामग्री किराए पर देकर शुरू किया स्वरोजगार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अब सिर्फ आवास प्रदान करने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बन रही है। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत बड़े हल्दी और मिड़मिड़ा की महिलाओं ने इस योजना को स्वरोजगार का जरिया बना लिया है।

यहां की सुधा महिला ग्राम संगठन और चंद्रहासिनी महिला संकुल ने महिला स्व-सहायता समूहों के सहयोग से निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाले सेंटरिंग सामान की खरीदी कर, उसे प्रधानमंत्री आवास निर्माण स्थलों में किराए पर उपलब्ध कराना शुरू किया है। इससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है और उनके जीवनस्तर में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।

संगठन की शुरुआत वर्ष 2019 में केवल 10 समूहों के साथ हुई थी, जो अब बढ़कर 18 समूहों तक पहुंच गई है। इनसे लगभग 200 महिलाएं प्रत्यक्ष रूप से जुड़ चुकी हैं। संगठन ने 4 लाख 20 हजार रुपये का लोन लेकर सेंटरिंग सामग्री की खरीदी की है, जिसे पीएम आवास निर्माण में उपयोग किया जा रहा है।

महिलाओं का कहना है कि बिहान योजना के अंतर्गत मिली सहायता और पीएम आवास की बढ़ती संख्या के कारण उन्हें रोजगार के स्थायी अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार प्रकट करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई है।

 

रायपुर : सुपर फुड मुनगा से कोकड़ी की महिलाओं को रही लाखों की कमाई

रायपुर : सुपर फुड मुनगा से कोकड़ी की महिलाओं को रही लाखों की कमाई

राजधानी रायपुर में हो रही सप्लाई

अन्य लोगों को अपने अभिनव प्रयोग का दे रहीं प्रशिक्षण

औषधीय गुणों से भरपूर सुपर फुड मुनगा की फसल लेकर धमतरी जिले के ग्राम कोकड़ी की महिलाएं अपनी आमदनी दुगुना कर रहीं हैं। मुनगा को सब्जी के तौर पर तो उपयोग किया ही जाता है। इसके साथ ही मुनगे की पत्तियों का पावडर मल्टीविटामिन सप्लीमेंट के साथ ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और बीपी को कंट्रोल करने में भी मदद करता है। यही वजह है कि महिलाएं मुनगा की बिक्री ना केवल आसपास के बाजारों में कर रहीं हैं, बल्कि राजधानी रायपुर में भी इसकी सप्लाई कर रहीं हैं। इससे उन्हें दुगुनी आमदनी मिल रही है।

सरकार में मिल रही है मदद

धमतरी जिले के कुरूद विकासखण्ड स्थित ग्राम पंचायत कोकड़ी की जय मां लक्ष्मी स्व सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती रामेश्वरी साहू बतातीं हैं कि उनके समूह में 12 सदस्य हैं, जो मिल-जुलकर मुनगे की खेती कर रहीं हैं। उन्होंने बताया कि गांव के खाली पड़े लगभग साढ़े तीन एकड़ से अधिक की भाठा जमीन पर मिश्रित खेती करने के लिए उन्हें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत वर्ष 2022-23 में 11 लाख 44 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली। इसके बाद महिलाओं ने इस भाठा जमीन पर साल भर मेहनत किया और उनके द्वारा लगाए गए पौधे लहलहाने लगे। इन पौधों में मुनगा के अलावा करौंदा, आंवला और नींबू के पौधे शामिल हैं। मुनगे के पेड़ों में फल जल्दी लगने लगे और साल में दो फसल मिलने लगी। इससे महिलाओं को दुगुनी आय मिल रही है। श्रीमती साहू बताती हैं कि उनके इस अभिनव प्रयोग को देखने के लिए जिले के अन्य गांव के लोग भी आते हैं और उनसे इसका प्रशिक्षण भी लेकर जाते हैं।

आजकल खेती के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है और आधुनिक तरीके से भी लोग खेती कर रहे हैं। धान, गेहूं, दलहन-तिलहन के अलावा अब लोग सब्जियों की फसल लेने में आगे आ रहे हैं और मुनाफा भी कमा रहे हैं। मुनगा का पौधा किसी भी जमीन पर आसानी से उगने और कम पानी में भी जल्द फल देने वाला पौधा है। इसमें प्रोटिन, आयरन, मैग्नीशियम, विटामिन बी, सी और ए की मात्रा भरपूर होती है। मुनगा के जड़, छाल, फूल, पत्तियां और फल सभी औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। यह सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत से भी सीधा रिश्ता रखता है। मुनगे के इसी गुण के कारण इसकी अच्छी खासी मांग रहती है।

 

रायपुर : खनिजों के अवैध उत्खनन-परिवहन पर कार्यवाही

रायपुर : खनिजों के अवैध उत्खनन-परिवहन पर कार्यवाही

सात ट्रैक्टर जब्त जिला प्रशासन  बिलासपुर के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 3 जून को खनिज अमले द्वारा रतनपुर, लखराम, अकलतरी, सरवनदेवरी, गढ़वट एवं चोरहादेवरी क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चोरहादेवरी, गढ़वट और सरवनदेवरी क्षेत्रों में खारंग नदी से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते पाए गए 6 ट्रैक्टरों तथा ईंट का अवैध परिवहन कर रहे 1 ट्रैक्टर सहित कुल 7 वाहनों को खनिज नियमों के तहत जब्त किया गया। सभी वाहनों को पुलिस थाना रतनपुर की सुपुर्दगी में रखा गया है।

खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर निरंतर निगरानी एवं कार्यवाही की जा रही है। जिला प्रशासन ने अवैध उत्खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

 

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से भारतीय प्रशासनिक सेवा 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से भारतीय प्रशासनिक सेवा 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने की सौजन्य मुलाकात

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आज नवा रायपुर के मंत्रालय महानदी भवन में भारतीय प्रशासनिक सेवा 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय को अपर मुख्य सचिव तथा छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी निमोरा के महानिदेशक श्री सुब्रत साहू ने बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा 2024 के पाँच अधिकारियों—श्री फड़तरे अनिकेत अशोक, श्री अरविंद कुमारन टी., श्री अक्षय डोसी, श्री क्षितिज गुरभेले और श्री विपिन दुबे को छत्तीसगढ़ कैडर मिला है। छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी निमोरा में इन अधिकारियों को 28 अप्रैल से 20 जून तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके पश्चात इनकी पदस्थापना सहायक कलेक्टर के पद पर जशपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा और बस्तर जिलों में की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रशिक्षु अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और उनसे प्रशिक्षण तथा छत्तीसगढ़ के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आप ऐसे समय में छत्तीसगढ़ में अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं, जब यहाँ बहुत सकारात्मक परिवर्तन हो रहे हैं। पिछले डेढ़ साल में छत्तीसगढ़ में हर क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य हुआ है। खासकर, छत्तीसगढ़ की नक्सल-प्रभावित राज्य की छवि अब बदल रही है। जल्द ही छत्तीसगढ़ नक्सलमुक्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में सुशासन तिहार सम्पन्न हुआ है। इसके तीसरे चरण में हमने पूरे प्रदेश का दौरा करके जनता से फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं का निराकरण किया। मुख्यमंत्री को प्रशिक्षु अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें भी समाधान शिविर में जाने का अवसर मिला। प्रशिक्षण संचालक श्रीमती सीमा सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक संरचना, नियम-कायदे और प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। उन्हें अलग-अलग विभागों के कार्यों, शासन की नीतियों और विभिन्न योजनाओं तथा जिलों की प्रशासनिक कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत और छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संचालक श्री टी.सी. महावर उपस्थित थे।

 

अवैध शराब के परिवहन पर महासमुन्द पुलिस की बडी कार्यवाही।

अवैध शराब के परिवहन पर महासमुन्द पुलिस की बडी कार्यवाही।

मल्दामाल चौक सिंघोडा मे दो आरोपियो के कब्जे से 200 लीटर महुआ शराब एवं घटना मे प्रयुक्त एक नीला कलर की TVS Jupitor स्कुटी क्रमांक CG 06 HD 2672 जप्त कीमती 100000 रूपये जप्त।

सभी थाना/चौकी प्रभारियों को अवैध शराब निर्माण , बिक्री एवं परिवहन करने वाले के उपर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया है जिसके तहत् समस्त थाना/चौकी प्रभारीयों व सायबर सेल महासमुन्द की टीम द्वारा अपने अपने क्षेत्र मे लगातार गस्त पेटोलिग कर मुखबिरो को सजग कर अवैध शराब निर्माण , बिक्री करने वाले एवं मादक पदार्थ परिवहन करने वालो पर कडी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। कि

इसी तारतम्य मे थाना सिंघोडा क्षेत्र में दिनांक 03/06/2025 को जरिये मुखबीर से सूचना मिलने पर घटना स्थल मल्दामाल चौक मे जाकर नाकाबंदी किया गया कुछ समय बाद ग्राम परसापाली से समदरहा की ओर दो व्यक्ति एक नीला कलर की TVS Jupitor स्कुटी क्रमांक CG 06 HD 2672 से आ रहे थे जिसे रोककर स्कूटी मे लदे बोरियो के संबंध मे पूछताछ करने पर गोलमोल जबाब देने लगे। पुलिस टीम के द्वारा नाम पता पूछने पर अपना नाम (01) ब्रिजेश जोल्हे पिता स्व घांसीराम जोल्हे उम्र 19 साल साकिन पलसापाली थाना बलौदा महासमुंद एवं (02) शिबो बरिहा पिता कुंजबिहारी बरिहा उम्र 29 साल साकिन छिबर्रा थाना बलौदा, महासमुंद का निवासी होना बताए तथा बोरियो मे 40 नग प्लास्टिक झिल्ली मे पैकिंग कर कुल 200 लीटर अवैध महुआ शराब परिवहन करना बताये जिससे बोरियो की तलाशी लिया गया तो बोरियो के अंदर 05-05 लीटर क्षमता वाली 40 नग प्लास्टिक झिल्ली मे भरी हुई कुल 200 लीटर हाथ भठ्ठी निर्मित देशी महुआ शराब कीमती 40000 रूपये होना पाया गया। व्यक्ति को शराब रखने के संबंध में नोटिस दिया गया जो किसी प्रकार को वैध दस्तावेज नही होना बताने पर व्यक्ति के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त एक TVS Jupitor स्कुटी क्रमांक CG 06 HD 2672 कीमती 60000 रूपये एवं 200 लीटर महुआ शराब कीमती 40000 रूपये जुमला कीमती 100000 रूपये को जप्त थाना सिंघोड़ा में अपराध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया जाकर वैधानिक कार्यवाही की गई है।

यह संपूर्ण कार्यवाही महासमुंद पुलिस के द्वारा किया गया।

रायपुर : राज्यपाल श्री डेका से पूर्व मंत्री श्री कंवर ने की सौजन्य भेंट

रायपुर : राज्यपाल श्री डेका से पूर्व मंत्री श्री कंवर ने की सौजन्य भेंट

 राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज यहां राजभवन में पूर्व मंत्री श्री ननकी राम कंवर ने सौजन्य भेंट की।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप का एयरपोर्ट में किया गया आत्मीय स्वागत

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप का एयरपोर्ट में किया गया आत्मीय स्वागत

जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा  और वन मंत्री श्री केदार कश्यप अपने एक दिवसीय संक्षिप्त बस्तर प्रवास में जगदलपुर आगमन पर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान विधायक चित्रकोट श्री विनायक गोयल भी साथ रहे। अतिथियों का स्वागत बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, महापौर श्री संजय पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ ही एडीजी नक्सल ऑप. श्री विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, बस्तर आईजी श्री सुंदरराज पी., एसपी श्री शलभ कुमार सिन्हा, प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन सहित अन्य अधिकारियों द्वारा किया गया।