महासमुंद/स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान जिला स्तरीय स्वास्थ्य संगोष्ठी का हुआ आयोजन

महासमुंद/ रजत जयंती वर्ष एवं सेवा पखवाड़ा 2025 अंतर्गत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ एवं पोषण को सुदृढ़ बनाने के उद्ेश्य से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरूआत 17 सितम्बर से किया गया है। यह अभियान जिले में 02 अक्टूबर 2025 तक लगातार संचालित होगा। इसी क्रम में आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला स्तरीय स्वास्थ्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित समस्त प्रतिभागियों को विषय विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार सम्मेलन में टीबी के मरीजों को निक्षय मित्रों के द्वारा पोषण आहार प्रदान किया गया साथ ही इस अभियान के माध्यम से टीबी बीमारी संबंधी समस्याओं की पहचान कर उसके जांच एवं समय पर उपचार सुनिश्चित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्री जागेश्वर सिन्हा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. आई.एन. राव, एवं जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डाॅ. विकास चंद्राकर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एन.एच.एम.) श्रीमति नीलू धृतलहरे, स्वास्थ्य मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।



