
बागबाहरा: गुरुनानक जयंती की शोभायात्रा देख रहे 13 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला, हालत गंभीर
बागबाहरा में वारदात से मचा हड़कंप, गंभीर हालत में महासमुंद के निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
महासमुंद/बागबाहरा। बागबाहरा नगर में गुरुनानक जयंती की शोभायात्रा देखने पहुंचे 13 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। हमले में किशोर के हाथ और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद महासमुंद के निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक 09 अचानकपारा बागबाहरा निवासी जितेन्द्र महानंद पिता सदाराम महानंद उम्र 33 वर्ष मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनका भतीजा प्रियांशु महानंद पिता चेतन महानंद उम्र 13 वर्ष, दिनांक 26 नवंबर 2026 को रात्रि करीब 8:40 बजे अशोक होटल मेन रोड बागबाहरा के पास आयोजित गुरुनानक जयंती की शोभायात्रा देख रहा था।
इसी दौरान देवार डेरा चंडी कुटिया बागबाहरा निवासी जिगर नामक व्यक्ति द्वारा किसी बात को लेकर प्रियांशु से विवाद किया गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से प्रियांशु पर हमला कर दिया। इस हमले में किशोर के हाथ एवं पेट में गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलने पर चाचा जितेन्द्र महानंद तत्काल मौके पर पहुंचे। तब तक किसी व्यक्ति द्वारा घायल प्रियांशु को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जा चुका था। किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए महासमुंद स्थित सोहम हॉस्पिटल रेफर कर दिया।
घटना के बाद घायल किशोर के चाचा जितेन्द्र महानंद ने 27 नवंबर 2026 को थाना बागबाहरा पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया तथा भतीजे पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रार्थी के आवेदन पर प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना बागबाहरा पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
नोट: आरोपी का नाम शिकायत में केवल ‘जिगर’ लिखा गया है। समाचार में भी उसी आधार पर उल्लेख किया गया है।




