ओड़िशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था 60 किलो गांजा: बसना में एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त बड़ी कार्रवाई, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत Anti Narcotics Task Force (ANTF) और थाना बसना पुलिस ने एक बड़ा ऑपरेशन अंजाम देते हुए 60 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। तस्करी में शामिल दो अंतरराज्यीय आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे, ट्रक एवं मोबाइल की कुल कीमत 22 लाख 10 हजार रुपए आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, ANTF को सूचना मिली थी कि ओड़िशा से भारी मात्रा में गांजा एक आयसर ट्रक में लोड कर पदमपुर–बसना–महासमुंद मार्ग से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले सभी पॉइंटों पर पुलिस एवं ANTF की संयुक्त टीमें तैनात की गईं।
10 नवंबर 2025 को पलसापाली बैरियर में वाहन चेकिंग के दौरान ओड़िशा की ओर से आ रहा आयसर ट्रक क्रमांक UP 72 BT 3907 संदिग्ध पाया गया। टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। वाहन में ताल-पतरी के नीचे छिपाकर रखे गए तीन बोरों में भारी मात्रा में गांजा पाया गया, जिसका वजन 60 किलो निकला।
वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपनी पहचान
1. सद्दाम हुसैन, 34 वर्ष, निवासी पंडरीजबर, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)
2. कियामुद्दीन, 26 वर्ष, निवासी ताला, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)
बताई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
टीम ने मौके पर आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए गांजा (12 लाख), आयसर ट्रक (10 लाख) और दो मोबाइल फोन (10 हजार) जब्त किए। आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए यह कार्रवाई ANTF और महासमुंद पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।



