महासमुंद/पटेवा। जन्माष्टमी की रात ग्राम सिनोधा में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 8 वर्षीय मोहम्मद सिराज जाकिर की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ धारा 106(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
घटना 16 अगस्त 2025 की रात 9:40 बजे की है। गांव में जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम के आयोजन के लिए पुराना पंचायत भवन की दीवार और इमरान पासा के घर की छत पर बने ईंट-सीमेंट के डिज़ाइन खंभे में रस्सी बांधकर मटका लटकाया गया था।
जैसे ही मटका फोड़ने वाली टीम ने ऊंचाई बढ़ाने के लिए रस्सी खींची, छत पर बना ईंट-सीमेंट का डिज़ाइन खम्भा अचानक उखड़कर नीचे गिर गया, जिसके मलबे के नीचे मासूम सिराज दब गया। परिजन उसे गंभीर हालत में CHC तुमगांव ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
—
बिना सुरक्षा व्यवस्था के लापरवाही साबित – पीएम रिपोर्ट ने खोला राज
मर्ग जांच में परिजनों और गवाहों ने बताया कि कार्यक्रम के संयोजक और रस्सी बांधने वालों ने सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया, न ही खम्भे की मजबूती की जांच की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत मस्तिष्क में गंभीर चोट (Subdural Hematoma) लगने से होना बताया गया है। मृत्यु को एक्सीडेंटल बताया गया।
इन 9 लोगों पर दर्ज हुई FIR
मटकी फोड़ कार्यक्रम के संयोजकों एवं रस्सी बांधने–झुलाने वालों पर लापरवाही का दोष सिद्ध होने पर पुलिस ने इन पर अपराध दर्ज किया है—
1. होरीलाल साहू
2. परमेश्वर साहू
3. विकास साहू
4. गोविंद बंजारे
5. प्रेम बरिहा
6. नोमेश यादव
7. लुकेश साहू
8. सोहन लाल साहू
9. रेमन ध्रुव
(सभी निवासी ग्राम सिनोधा, थाना पटेवा)
—
दो थानों से मर्ग, फिर पटेवा में दर्ज हुआ मामला
CHC तुमगांव से प्रारंभिक सूचना पर थाना तुमगांव में बिना नंबरी मर्ग 00/2025 दर्ज हुआ था।
बाद में मर्ग की असल नंबरी डायरी थाना पटेवा में लाकर मर्ग क्रमांक 55/2025 दर्ज किया गया।
पूरा मामला अखिरकार पटेवा थाना क्षेत्र का होने के कारण यहीं FIR दर्ज की गई।



