बलौदाबजार की बड़ी खबरें :सड़क हादसे, मारपीट व अवैध गतिविधियों पर पुलिस की कार्रवाई तेजकी
1.खजुरी में तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार को मारी टक्कर, घायल रायपुर अस्पताल रेफर
ग्राम खजुरी चौकी करहीबाजार निवासी युवक ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कर बताया कि 06 दिसंबर 2025 को उसका चचेरा जीजा सुमेर गेण्डले मोटरसाइकिल क्रमांक CG22J-2113 से बलौदाबाजार जा रहा था। दोपहर लगभग 3 बजे लटुआ और बलौदा के बीच कार क्रमांक CG04Q-9873 के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पहले जिला अस्पताल बलौदाबाजार में उपचार हुआ, जिसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए संकल्प अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
2.पलारी में मासूम बच्ची की सड़क हादसे में मौत, ड्राइवर के खिलाफ अपराध दर्ज
थाना पलारी क्षेत्र में रविवार शाम लगभग 3:30 बजे तेज रफ्तार पिकअप वाहन क्रमांक CG07 CN 8992 की ठोकर से 01 वर्ष 11 माह की मासूम हिवानी यादव की मौत हो गई। घायल बच्ची को पलारी स्वास्थ्य केंद्र, फिर जिला अस्पताल बलौदाबाजार और इसके बाद मेकाहारा रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। आरोपी चालक अजय कुमार गोंड के विरुद्ध धारा 106(1) BNS एवं 184 MV एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
3.ओडान रोड पर साइकिल सवार वृद्ध को मोटरसाइकिल ने मारी ठोकर, घायल खरोरा रेफर
सेमरिया निवासी युवक ने बताया कि उसके पिता सदाराम यादव दोपहर में ओडान मंडी से लौट रहे थे, तभी वटगन रोड से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल क्रमांक CG13 AF 9981 ने टक्कर मार दी। वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें पहले पलारी स्वास्थ्य केंद्र व बाद में कृष्णा अस्पताल खरोरा में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
4.महिला कमांडो टीम पर शराबियों का हमला, गालीगलौच और मारपीट का मामला दर्ज
ग्राम सिनोधा की पंच और महिला कमांडो सदस्य ने रिपोर्ट दी कि 08 दिसंबर को ग्राम भ्रमण के दौरान जैतखाम चौक के पास दो युवक शराब के नशे में गालीगलौच करने लगे। समझाने पर दोनों आरोपियों भोला और विक्की अनंत ने महिला कमांडो दल से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
5.डोंगरिया में युवक धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार
थाना हथबंद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम डोंगरिया में एक युवक राजेश गेण्डरे को धारदार हथियार के साथ डराने–धमकाने के आरोप में पकड़ा। आरोपी के पास से एक लोहे का कत्ता बरामद किया गया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच जारी है।
6.अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, पुलिस ने की अपराध पंजीबद्ध
थाना हथबंद क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार मोहित कुमार टंडन की 11 अक्टूबर को अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने धारा 106(1) BNS के तहत आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला कायम किया है।



