मारपीट, जानलेवा लापरवाही, नाबालिग की मौत, जुआ एवं अवैध शराब पर पुलिस सख्त — बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अलग-अलग घटनाओं में कई अपराध दर्ज, आरोपियों पर कार्रवाई
1️⃣ ग्राम करमदा में युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी
करमदा।ग्राम करमदा निवासी अंबुजा सीमेंट कंपनी में ड्राइवर का काम करने वाले युवक के साथ बीती रात मोहल्ले में मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि 9 दिसंबर की रात लगभग 9.30 बजे ड्यूटी से घर लौटते समय गांव के नरेंद्र चेलक, करण एवं योगेश ने ₹2000 की मांग को लेकर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से हमला किया। मारपीट में युवक के दाहिने गाल, सिर के पीछे व सीने में चोट आई है। घटना के दौरान रोशन दास मानिकपुरी एवं राहुल दास ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने प्रकरण में धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई दर्ज की है।
2️⃣ लापरवाही से वाहन चलाने पर सड़क हादसा, युवक गंभीर घायल
खजुरी। ग्राम खजुरी से बलौदाबाजार जाते समय एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार 6 दिसंबर को दोपहर करीब 3 बजे कार चालक ने तेज व लापरवाही पूर्ण तरीके से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में सुमेर गेंदले के सिर, चेहरे व हाथ में गंभीर चोट आई है, जिन्हें रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ धारा 184 एलकेएस, 125(ए) एवं 281 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
3️⃣ तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आई डेढ़ साल की बच्ची, इलाज के दौरान मौत
पलारी।दिल दहला देने वाली घटना में पलारी के शांतिनगर वार्ड निवासी 1 वर्ष 11 माह की मासूम बच्ची की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। 8 दिसंबर की शाम जय मां तुरतुरिया डेली निट्स के सामने पिकअप वाहन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्ची को टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने पर बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
4️⃣ पलारी में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹40,140 जब्त
पलारी।पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम लकड़िया रोड खेत के पास जुए के अड्डे पर छापा मारकर 5 जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से ₹40,140 नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की गई है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई कर जमानत पर रिहा किया गया।
5️⃣ शराब दुकान में सरपंच प्रतिनिधि से मारपीट, धमकी देने का आरोप
छिराही।ग्राम पंचायत छिराही के सरपंच प्रतिनिधि ने हिरमी शराब दुकान में मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार शराब देने में मनमानी करते हुए दुकान में मौजूद व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी और गला दबाने का प्रयास किया। घटना को प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा। पुलिस ने धारा 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
6️⃣ लिमतरा में अवैध शराब पिलाते आरोपी गिरफ्तार
सिमगा / लिमतरा। पुलिस सहायता केंद्र लिमतरा की टीम ने गांव के प्रवेश द्वार के पास अवैध रूप से शराब पिलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से देशी शराब एवं डिस्पोजल गिलास जब्त किए गए। आरोपी बुघेलाल कुर्रे के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई कर जमानत पर रिहा किया गया है।



