पटेवा/ बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार कार ने ली युवक की जान, पुलिस ने चालक के खिलाफ किया अपराध दर्ज
पटेवा। थाना पटेवा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 38 वर्षीय होमन यादव की मौत के मामले में पुलिस ने विस्तृत मर्ग जांच पूरी कर MG Hector कार के चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। थाना पटेवा में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक सुनीत कुमार भोई द्वारा मर्ग क्रमांक 67/2025 धारा 194 BNSS की जांच की गई। जांच में प्रत्यक्षदर्शी लोमेश यादव तथा परिजन मंजू यादव, देवकी बाई के बयान दर्ज किए गए, जिनके अनुसार घटना 08 अक्टूबर 2025 शाम करीब 4 बजे की है।
होमन यादव अपनी हीरो सुपर स्प्लेंडर (CG 06 GL 0349) से बस स्टैंड पटेवा के पास NH-53 पर सड़क पार कर रहे थे। उसी समय तुमगांव की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक आ रही MG Hector (CG 13 AY 8306) ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में होमन यादव के सिर में गंभीर चोट आई और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल होमन को तुरंत शासकीय अस्पताल पटेवा ले जाया गया, जहाँ से उन्हें जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु का कारण दुर्घटना के परिणामस्वरूप हुए हृदयघात को बताया है।
मर्ग जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के कथन तथा पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पाया कि हादसा कार चालक की तेज गति एवं लापरवाही से हुआ। इस पर MG Hector कार चालक के विरुद्ध धारा 106(1) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
मर्ग की जानकारी जिला अस्पताल महासमुंद से वार्ड बॉय अमित साहू द्वारा थाना कोतवाली महासमुंद में दी गई थी, जिसके आधार पर मर्ग पंजीबद्ध कर आगे की कार्यवाही की गई।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक व्याप्त है और परिजनों ने चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।



