सांकरा/ एनएच-53 पर हाई वोल्टेज एक्शन! ओडिशा से आ रहा था ‘नशे का जखीरा’, सांकरा पुलिस ने चार तस्करों को दबोचा
महासमुंद | सांकरा ओडिशा से छत्तीसगढ़ में नशे की बड़ी खेप खपाने की फिराक में लगे चार तस्करों की योजना पर सांकरा पुलिस ने पानी फेर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राणा सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-53 पर घेराबंदी कर 20 किलो गांजा, दो बाइक और मोबाइल समेत करीब 3.71 लाख रुपए का माल जब्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को थाना सांकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक भारी मात्रा में गांजा लेकर सांकरा की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर गुरुघासीदास चौक, एनएच-53 पर चेकिंग शुरू की।
कुछ देर बाद दो बाइक सवार युवक मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने पीछा कर चारों को धर दबोचा।
🚨 पकड़े गए आरोपी:
पुसु लाल ठाकुर – निवासी लामताखुर, जिला बालाघाट
विजय डहारे – निवासी सोनखार, थाना चांगोटोला
विनोद बिसेन – निवासी चांगोटोला
हरिराम ठाकुर – निवासी लामताखुर, जिला बालाघाट
तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक बोरी और राजश्री थैले में कुल 20 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगद राशि भी जब्त की गई।
गवाहों की मौजूदगी में एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए धारा 20(ख) NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में लिया गया है।
🔥 जब्त सामग्री:
15 किलो गांजा (प्लास्टिक बोरी में)
5 किलो गांजा (राजश्री थैला में)
2 मोटरसाइकिल
2 मोबाइल फोन
₹1000 नगद
कुल अनुमानित कीमत: ₹3,71,000/-
पूरी कार्रवाई में थाना सांकरा की टीम की तत्परता और सतर्कता सराहनीय रही। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।



