कोमाखान/ जंगल किनारे चल रही थी ‘महुआ की फैक्ट्री’, पुलिस की दबिश में खुला राज — 20 लीटर कच्ची शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद | कोमाखान थाना क्षेत्र चौकी टुहलू अंतर्गत ग्राम सरगिडीह के सुनसान टीकरा इलाके में अवैध महुआ शराब का गोरखधंधा उस वक्त उजागर हो गया, जब पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 20 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 920 चंद्रकांत गुलेन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम दिनांक 28 दिसंबर 2025 को गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खैरटकला, सरगिडीह पारा के टीकरा भांठा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध शराब बिक्री की तैयारी में है। सूचना की पुष्टि के बाद प्र.आर. 236 राजेन्द्र व्यवहार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस ने मौके से रामलाल मांझी पिता विश्वनाथ मांझी (उम्र 36 वर्ष) निवासी खैरटकला को पकड़ा, जिसके कब्जे से
15 लीटर सफेद जरीकेन में भरी महुआ शराब
5 लीटर पीली जरीकेन में भरी महुआ शराब
कुल 20 लीटर (20000 ML) अवैध महुआ शराब बरामद की गई। गवाहों की मौजूदगी में शराब की जांच कर जब्ती की गई और मौके पर ही सीलबंद किया गया।
आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए परिजनों को भी सूचना दी।पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



