पिथौरा/नदी चरौदा पंचायत में सरपंच द्वारा फर्जी बिल-वाउचर से 6.25 लाख रुपये आहरण का आरोप, पंचों ने की जांच की मांग
पिथौरा। जनपद पंचायत पिथौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत नदी चरौदा में पंचायत निधि के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम के पंचों द्वारा विकासखंड अधिकारी पिथौरा को लिखित शिकायत सौंपते हुए वर्तमान सरपंच धनेश ध्रुव पर फर्जी बिल-वाउचर बनाकर लगभग 6 लाख 25 हजार 328 रुपये की राशि आहरित करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में पंचों ने बताया कि ग्राम पंचायत में बिना पंचायत की स्वीकृति एवं जानकारी के विभिन्न मदों में कार्य दर्शाकर भुगतान किया गया। जबकि कई कार्य वास्तविक रूप से किए ही नहीं गए। पंचों के अनुसार बोर खनन, बोर सफाई, मोटर बोरिंग, पाइप निकासी, पंचर, अलमारी, कुर्सी, किराना सामान, फोटो कॉपी, प्रिंटिंग, स्टेशनरी, भवन लेखन, स्वच्छ आहार व्यवस्था सामग्री, मूर्तिकरण सहित अन्य मदों में भारी राशि खर्च दर्शाई गई है।
पंचों का कहना है कि पंचायत बैठक में जब इस राशि के उपयोग की जानकारी मांगी गई, तब मामला सामने आया। आरोप है कि पंचायत के अभिलेखों में जिन कार्यों को पूर्ण बताया गया है, वे कार्य स्थल पर दिखाई नहीं देते। इससे फर्जीवाड़े की आशंका और गहरी हो गई है।
ग्राम पंचों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत नदी चरौदा में कराए गए सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा बिल-वाउचर के माध्यम से निकाली गई राशि की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
मामले को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है और सभी की निगाहें अब प्रशासनिक जांच पर टिकी हुई हैं।



