महासमुंद संजय कानन गार्डन के पास अवैध शराब परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद।थाना महासमुंद पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 40 पौवा देशी प्लेन शराब एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 33 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक नरेंद्र कुमार साहू अपने हमराह स्टाफ आरक्षक रफीक राजवानी एवं आरक्षक यादराम चक्रधारी के साथ 9 जनवरी 2026 को टाउन पेट्रोलिंग एवं जुर्म जरायम पतासाजी पर निकले थे। इसी दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति शीतली नाला शराब भट्टी से अधिक मात्रा में शराब लेकर संजय कानन गार्डन की ओर आ रहे हैं।
सूचना की तस्दीक पर पुलिस टीम गवाह नकुल सोनी को साथ लेकर संजय कानन गार्डन के पास पहुंची, जहां मुखबीर के बताए हुलिए के अनुसार एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 PL 6082 को घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी लेने पर एक सफेद प्लास्टिक बोरी में 40 पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल) कुल 7200 एमएल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम
रूपेश चंद्राकर (21 वर्ष) पिता राजू चंद्राकर एवं
अमनदास मानिकपुरी (24 वर्ष) पिता रामेश्वर दास मानिकपुरी,
निवासी हाडाबंद, थाना खल्लारी, जिला महासमुंद बताया।
आरोपियों के पास शराब परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर शराब एवं मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त कर मौके पर सील किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 00/2026 दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है तथा गिरफ्तारी की सूचना आरोपियों के परिजनों को दी गई। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।



