
महासमुंद/तुमगांव NH-53 पर दोपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर, सहायक शिक्षक घायल, स्कूटी क्षतिग्रस्त
महासमुंद/तुमगांव। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम अमावश मोड़ के आगे दोपहिया वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी चालक सहायक शिक्षक घायल हो गए, वहीं उनकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। मामले में थाना तुमगांव पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, धनपाल कुर्रे पिता रेवाराम कुर्रे, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम पचरी, थाना पटेवा, जिला महासमुंद, शासकीय प्राथमिक शाला रसनी, जिला रायपुर में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
धनपाल कुर्रे ने बताया कि 25 नवंबर 2026 को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वे अपनी ओला इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी क्रमांक CG 06 HE 8330 से आरंग से अपने गांव पचरी लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 6:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम अमावश मोड़ के आगे विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 H 7167 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में उनकी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं धनपाल कुर्रे के दाएं हाथ के अंगूठे के पास खरोंच आई तथा बाएं हाथ में दर्द होने लगा।
घटना के बाद वे थाना तुमगांव पहुंचे, जहां पुलिस ने उनका मुलाहिजा फार्म भरकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तुमगांव भेजा। चिकित्सक द्वारा मुलाहिजा रिपोर्ट में एक्स-रे कराने की सलाह दी गई। इसके बाद उन्होंने 27 नवंबर 2026 को एक्स-रे कराया और 28 नवंबर 2026 को थाना तुमगांव पहुंचकर पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थी की रिपोर्ट के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल के चालक द्वारा तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर टक्कर मारने से दुर्घटना हुई। पुलिस से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।




