खल्लारी-रात ट्रांसफार्मर से क्वाइल, कॉपर वायर व ऑयल चोरी — खल्लारी पुलिस ने दर्ज किया मामला
खल्लारी |थाना खल्लारी अंतर्गत ग्राम आमाकोनी, खुटेरी रास्ता के पास लगे 100 केवीए ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों द्वारा की गई चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, वितरण केन्द्र खट्टी के कनिष्ठ यंत्री प्रखर कुमार चंद्रवंशी ने थाना खल्लारी में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया।
आवेदन के अनुसार, दिनांक 08 जनवरी 2026 की रात 9 बजे से 09 जनवरी 2026 की सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रांसफार्मर के अंदर लगे क्वाइल, कॉपर वायर एवं ऑयल चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 33 हजार रुपये बताई गई है।
मामले की सूचना मिलते ही थाना खल्लारी पुलिस द्वारा प्रथम दृष्टया अपराध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है। घटनास्थल से संबंधित फोटो भी आवेदन के साथ संलग्न किए गए हैं।
पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। विद्युत विभाग ने इस चोरी से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई है।



