पिथौरा /महासमुंद NH-53 पर दर्दनाक हादसा: 16 वर्षीय किशोर की ट्रक की चपेट में आने से मौत, चालक पर अपराध दर्ज
पिथौरा (महासमुंद)। थाना पिथौरा क्षेत्र अंतर्गत एनएच-53 पर ग्राम मेमरा के शर्मा गैरेज के सामने मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर राज प्रधान की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद ट्रक चालक के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राज प्रधान पिता आनंद प्रधान, उम्र 16 वर्ष, निवासी ग्राम चिखली, थाना पिथौरा, दिनांक 13 जनवरी 2026 को चप्पल खरीदने पिथौरा जा रहा था। दोपहर लगभग 3:30 बजे जब वह एनएच-53 पर सड़क पार कर रहा था, तभी पिथौरा की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक CG10BF 8437 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोकनाथ प्रधान ने तत्काल टोल प्लाजा की एंबुलेंस की मदद से घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पिथौरा पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना पिथौरा में मर्ग क्रमांक 01/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्रकरण कायम कर विधिवत मर्ग पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गई। मृतक के परिजनों एवं गवाहों के कथन के आधार पर मर्ग जांच में ट्रक चालक का कृत्य धारा 106(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर आरोपी चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
सूचक गयानंद प्रधान पिता चिंतामणि प्रधान, उम्र 36 वर्ष, निवासी चिखली, द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों एवं एसडीएम पिथौरा को सूचना प्रेषित कर दी है।



