ओडिशा से महाराष्ट्र जा रहा था मौत का सौदा, रास्ते में कोमाखान पुलिस ने तोड़ा नेटवर्क अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद थाना कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा 950 किलो अवैध गांजा जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोमाखान में पदस्थ सउनि. सिकन्दर भोई के नेतृत्व में पुलिस टीम पेट्रोलिंग व अपराध पतासाजी पर रवाना थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सुनहरा-भूरा रंग का आईचर ट्रक (क्रमांक MH 20 EL 3969) में भारी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा से महासमुंद होते हुए महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने टेमरी नाका के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोका। पूछताछ में ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम अक्षय भोरजे (26 वर्ष) एवं सुमन आउटे (24 वर्ष), निवासी जिला जालना, महाराष्ट्र बताया। तलाशी लेने पर ट्रक में रखी 38 सफेद प्लास्टिक बोरियों में प्रत्येक में 25-25 किलो गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 950 किलो निकला।
मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से विधिवत तौल कर गांजे को सीलबंद किया गया। पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक, मोबाइल फोन, नकदी, दस्तावेज सहित कुल 4 करोड़ 90 लाख 11 हजार 50 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है। मामले की विवेचना जारी है तथा पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



