बागबाहरा/ घर की अलमारी से लाखों के सोने के जेवर चोरी, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
बागबाहरा। थाना बागबाहरा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 02 झलप चौक, व्यापारी तालाब निवासी लक्ष्मीनारायण साहू (43 वर्ष) के घर से अज्ञात चोर द्वारा सोने के जेवरात चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मीनारायण साहू ने अपने आवेदन में बताया कि उन्होंने दिनांक 25 दिसंबर 2025 को अपने घर की लकड़ी की गोदरेज अलमारी में एक डिब्बे के अंदर सोने का चैन (22.5 से 23 ग्राम), सोने का ओम लॉकेट (2.840 ग्राम) एवं पत्नी की सोने की बाली (लगभग 4 ग्राम) सुरक्षित रखे थे। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 1,10,320 रुपये बताई गई है।
दिनांक 23 जनवरी 2026 को जब उन्होंने गोदरेज खोलकर देखा तो उक्त डिब्बे में रखे सभी आभूषण गायब मिले, जबकि डिब्बा और अलमारी में रखा अन्य सामान सुरक्षित था। परिजनों द्वारा आसपास खोजबीन एवं पूछताछ के बाद भी आभूषणों का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाकर चुपके से घर में प्रवेश कर सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है।



