महासमुंद/ बकाया रकम मांगने पर ज्वेलर्स संचालक से मारपीट, जान से मारने की धमकी
महासमुंद। वार्ड नंबर 16 पुराना रावणभाठा स्थित महामाया मंदिर के पास संचालित भवानी ज्वेलर्स के संचालक के साथ बकाया रकम मांगने पर मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी वार्ड नंबर 16 पुराना रावणभाठा महासमुंद निवासी है एवं भवानी ज्वेलर्स का संचालन करता है। उसने बताया कि दिनांक 28 अगस्त 2023 को गोलू सिन्हा पिता बसंत सिन्हा निवासी नयापारा महासमुंद ने उसकी दुकान से 27,500 रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र खरीदा था। उक्त खरीदी के समय आरोपी ने 10,000 रुपये नकद दिए थे तथा बाद में दो किश्तों में 4,000 रुपये एवं 2,000 रुपये जमा किए। शेष बचे 11,500 रुपये एक माह के भीतर देने का वादा किया गया था।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बकाया रकम नहीं मिली और लगातार टालमटोल किया जाता रहा। इसी क्रम में दिनांक 26 जनवरी 2026 की शाम लगभग 5 बजे जब प्रार्थी अपने घर से दुकान जा रहा था, तभी सीतला मंदिर के पास वार्ड नंबर 16 पुराना रावणभाठा में आरोपी गोलू सिन्हा मिला। प्रार्थी द्वारा बकाया 11,500 रुपये के संबंध में पूछने पर आरोपी ने रकम देने से साफ इंकार कर दिया तथा मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर प्रार्थी को चोट पहुंचाई, जिससे उसके नाक, आंख के पास एवं मुंह में चोट आई और खून निकला। घटना को जुगडू धीवर एवं आसपास मौजूद लोगों ने देखा और सुना है।
प्रार्थी द्वारा इलाज कराने के पश्चात दिनांक 27 जनवरी 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।



