थाना कोमाखान पुलिस की कार्रवाई, 50 पौवा देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
कोमाखान। अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को 50 पौवा रोमियो देशी प्लेन शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक 196 प्रदीप कुमार बरिहा हमराह स्टाफ के साथ 27 जनवरी 2026 को ग्राम कुलिया, कसेकेरा एवं टोगोंपानी क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुलिया से कसेकेरा जाने वाले मार्ग पर पुल के नीचे एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब बिक्री हेतु रखे हुए है। सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम खिलावन टंडन पिता रिखीराम टंडन, उम्र 24 वर्ष, निवासी मनबाय थाना बागबाहरा जिला महासमुंद बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में रखी 50 पौवा रोमियो देशी प्लेन शराब बरामद की गई। प्रत्येक शीशी में 180-180 एमएल शराब भरी हुई थी, कुल मात्रा 9000 एमएल, जिसकी अनुमानित कीमत 4000 रुपये बताई गई है।
आरोपी द्वारा शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर उक्त शराब को मौके पर गवाहों के समक्ष जप्त कर सीलबंद किया गया। आरोपी का कृत्य आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पाए जाने से उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर देहाती नालसी कायम कर विवेचना में लिया गया। बाद में थाना कोमाखान में अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।



