पिथौरा पुलिस की कार्रवाई, 06 लीटर महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार
पिथौरा। थाना पिथौरा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखागढ़ क्षेत्र से एक युवक को 06 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना पिथौरा में पदस्थ उप निरीक्षक बिसालीराम ध्रुव 28 जनवरी 2026 को हमराह स्टाफ के साथ पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लाखागढ़ निवासी शिवा साहू संजय पेट्रोल पंप के पास अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
आरोपी शिवा साहू पिता स्व. अभिराम साहू उम्र 22 वर्ष, निवासी टिकरापारा लाखागढ़ थाना पिथौरा जिला महासमुंद के कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक झोले में रखी 10 लीटर क्षमता की जरीकेन में भरी 06 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1200 रुपये बताई गई है।
आरोपी शराब रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर गवाहों के समक्ष शराब को जब्त कर सीलबंद किया गया। मामले को अजमानतीय पाए जाने पर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।



