पिथौरा में सड़क हादसा: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक पर अपराध दर्ज
पिथौरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। महिला प्रधान आरक्षक द्वारा की जा रही मर्ग जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना को सड़क एक्सीडेंट मानते हुए संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान गवाह मोहनलाल पटेल ने बताया कि उनके पिता रोहित कुमार पटेल सुबह करीब 10 बजे मोटरसाइकिल डिस्कवर क्रमांक CG 06 K 3214 से बैंक कार्य व गैस सिलेंडर लेने पिथौरा गए थे। काम निपटाकर वापस अपने गांव छिबर्रा लौटते समय दोपहर लगभग 12.25 बजे ग्राम मुढ़ीपार क्रासिंग, एनएच 53 के पास पिथौरा से झलप की ओर जा रही वाहन क्रमांक OD 15 AD 0205 के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से उनकी बाइक को ठोकर मार दी।
हादसे में रोहित कुमार पटेल को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि दुर्घटना वाहन चालक की लापरवाही से हुई है। अतः वाहन क्रमांक OD 15 AD 0205 के चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है। घटना की सूचना श्रीमान एसडीएम महोदय को भी पृथक से दी गई है। यह मामला महासमुंद जिला के पिथौरा थाना क्षेत्र का है।



