सरायपाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 40 लीटर महुआ शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पल्सर बाइक जब्त
महासमुंद। थाना सरायपाली पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 40 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से शराब के अलावा परिवहन में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक गणेशु राम बंजारे अपने हमराह स्टाफ के साथ 30 जनवरी 2026 को पेट्रोलिंग एवं जुर्म जरायम पतासाजी पर रवाना थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल में सब्जी कैरेट के भीतर शराब रखकर सरसींवा से सरायपाली की ओर आ रहा है।
सूचना के आधार पर ग्राम काशीपाली चौक के आगे मोड़ पर घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम भीषम भारद्वाज पिता रामलाल भारद्वाज उम्र 35 वर्ष निवासी शीतलपुर थाना सरसींवा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल के पीछे रखे नीले कैरेट में 20-20 लीटर की दो प्लास्टिक जरीकेन में कुल 40 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 8,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर शराब व मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GZ 4349 (कीमत लगभग 60,000 रुपये) को जब्त किया। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विवेचना जारी है।
👉 पुलिस प्रशासन ने आमजन से अवैध शराब निर्माण, परिवहन एवं बिक्री की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर देने की अपील की गई।



