सरायपाली बैतारी चौक के पास ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार घायल, चालक पर लापरवाही का आरोप
सरायपाली | ग्राम कलेण्डा थाना सिंघोड़ा जिला महासमुंद निवासी युवक के साथ सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने ट्रेलर चालक पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर एक्सीडेंट करने का आरोप लगाते हुए थाना सरायपाली में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 जनवरी 2026 को ग्राम कलेण्डा निवासी प्यारी लाल साहू के चचेरे भाई जगत राम साहू अपनी मोटरसाइकिल प्लेटिना क्रमांक CG 06 GD 1253 से सरायपाली की ओर आ रहे थे। जब वे बैतारी चौक के पास सुबह लगभग 10:30 बजे पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG 04 PS 1324 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में जगत राम साहू के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई तथा मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और 112 वाहन सेवा को सूचना दी गई। घायल को तत्काल शासकीय अस्पताल सरायपाली ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।
पीड़ित प्यारी लाल साहू ने ट्रेलर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(ए) एवं 281 के तहत अपराध दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



