कोमाखान थाना क्षेत्र में सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक बिजली खंभे से टकराई, युवक की मौत
कोमाखान। थाना कोमाखान अंतर्गत चौकी टुहलू क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मर्ग क्रमांक 08/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामले की जांच की गई है।
मर्ग जांच के दौरान गवाह गणेश सिंह सिन्हा, ओमप्रकाश साहू, प्रेमसिंह ठाकुर तथा वारिसान धनेश बरिहा व गुमान बरिहा के कथन लिए गए। गवाहों ने बताया कि घटना 02 जनवरी 2026 की रात करीब 8 बजे की है, जब मृतक हेमचंद बरिहा अपने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HC 5903 को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए गांव की गली में उमाशंकर सिन्हा के घर के सामने स्थित बिजली पोल से टकरा गया। दुर्घटना में उसके सिर एवं बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान हेमचंद बरिहा पिता धनेश बरिहा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम द्वारतला कला, चौकी टुहलू थाना कोमाखान, जिला महासमुंद के रूप में हुई है। पुलिस ने प्रकरण में आरोपी चालक (स्वयं मृतक) के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
उधर, घायल अवस्था में युवक को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, जहां चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। अस्पताल वार्ड बॉय नरेंद्र सिंह दीवान द्वारा मर्ग सूचना थाना बागबाहरा को दी गई। चिकित्सकीय मेमो में मृत्यु का संभावित कारण under alcoholic intoxication (मद्यपान की स्थिति) दर्शाया गया है।मर्ग की सूचना एसडीएम बागबाहरा को भेज दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



