महासमुंद/पिथौरा पुराने सिक्के से करोड़ों दिलाने का झांसा, 4 लाख की ठगी; पीड़ित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाई न्याय की गुहार

महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुंदेली के निवासी यशवंत साहू ने पुराने सिक्के से मोटी रकम दिलाने का झांसा देकर 4 लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़ित ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पिथौरा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशासन से न्याय की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीड़ित यशवंत साहू ने बताया कि उन्होंने वासुदेव महाराज नामक व्यक्ति को घर में पूजा-पाठ कराने के लिए बुलाया था। पूजा के दौरान घर में रखे पुराने सिक्कों की चर्चा होने पर वासुदेव महाराज ने दावा किया कि वह उन सिक्कों से करोड़ों रुपये का मुनाफा दिला सकता है।
आरोप है कि मोटी रकम दिलाने का लालच देकर वासुदेव महाराज ने यशवंत साहू और उनके साथियों से करीब 4 लाख रुपये ले लिए। बाद में जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत भी की और सूचना के अधिकार के तहत जानकारी भी मांगी, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कार्रवाई नहीं होने से निराश होकर यशवंत साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पूरे मामले को सार्वजनिक किया और शासन-प्रशासन से मांग की कि ठगी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।



