महासमुन्द/जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों व विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया
महासमुन्द/ कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय लहरे द्वारा विकासखंड बागबाहरा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों एवं शैक्षणिक संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षाओं के सुचारू संचालन, परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता तथा विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया गया।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री लहरे ने परीक्षा केंद्र खट्टी, खम्हरिया, तुसदा एवं बागबाहरा में पहुंचकर परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण की प्रक्रिया, परीक्षा की गोपनीयता, कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी तथा परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं परीक्षा कार्य में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा कार्य पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जाए तथा माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी भी ली और परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को शांतिपूर्ण एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने विकासखंड बागबाहरा के शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय बीकेबाहरा, तेंदुकोना तथा सेजेस बागबाहरा का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षाओं की स्थिति तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लिया। कई स्थानों पर विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित प्राचार्यों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राचार्यों को आगामी लोकल परीक्षाओं के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन करने की बात कही।
निरीक्षण के क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राथमिक शाला कलमीदार, ह्यूमन प्राइड विद्यालय भीमखोज तथा इग्नाइट प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय भानपुर का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यालयों में कक्षाओं का अवलोकन कर विद्यार्थियों से पाठ्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे तथा शिक्षकों द्वारा कराए जा रहे शिक्षण कार्य का मूल्यांकन किया। साथ ही विद्यार्थियों की कॉपियों, पाठ्य पुस्तकों तथा शिक्षण सामग्री का भी अवलोकन किया।
भानपुर स्थित विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी ने मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) योजना का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन का स्वयं स्वाद चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की तथा भोजन की स्वच्छता, रसोईघर की व्यवस्था, खाद्यान्न भंडारण और रसोइयों द्वारा अपनाई जा रही स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने समस्त विद्यालयों के प्राचार्यों, प्रधानपाठकों एवं शिक्षकों को शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी सुश्री अंजली बरमाल तथा एबीईओ बागबाहरा रामता मन्नाडे भी उपस्थित रहे।



