सरायपाली NH 53 पर पुलिस की घेराबंदी: उड़ीसा से गांजा ला रही कार पकड़ी, 4 आरोपी गिरफ्तार
सरायपाली। महासमुंद जिले के थाना सिंघोड़ा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा ला रही एक कार को पकड़कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 किलो गांजा, एक कार और मोबाइल फोन समेत कुल 5 लाख 26 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 मार्च 2026 को थाना सिंघोड़ा में पदस्थ सउनि लक्ष्मण साहू अपनी टीम के साथ क्षेत्र में अपराध पतासाजी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान ग्राम गुठानीपाली के पास मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से एक सुजुकी डिजायर कार (CG07CD9986) में अवैध गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना पर एसडीओपी सरायपाली को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने NH-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी की।
कुछ समय बाद बताई गई कार आते दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। वाहन के पीछे सीट में रखी प्लास्टिक बोरी से 8 पैकेट में भरा कुल 4 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर भिलाई में सेवन व बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने मामले में चालक सोनू सिंह (33), राजेश तगड़े (26), विक्रम सिंह (45) और कन्हैया साहू (25) सभी निवासी जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(B) NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 किलो गांजा (कीमत करीब 2 लाख रुपये), सुजुकी डिजायर कार (कीमत 3 लाख रुपये) तथा मोबाइल फोन व अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।



