महासमुंद ओड़िसा : चेकिंग के दौरान कार से 75 लाख रुपये नकद बरामद, दो लोग पकड़े गए
महासमुंद। जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत टेमरी नाका में पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान एक होंडा कार से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने कार में सवार दो व्यक्तियों को पकड़कर उनके पास से 75 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2026 को टेमरी नाका में वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान उड़ीसा के खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा कार क्रमांक OD 05 PB 2122 को रोककर जांच की गई।
कार चालक ने अपना नाम राजेन्द्र महानंद (27 वर्ष) निवासी मुंडापला, थाना बेलपला जिला बलांगीर (उड़ीसा) बताया। वहीं उसके पास बैठे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47 वर्ष) निवासी वार्ड 02, डेली मार्केट कांटाबांजी जिला बलांगीर (उड़ीसा) बताया।
कार की तलाशी लेने पर बीच की सीट पर रखे नीले रंग के बैग से 500-500 रुपये के 150 बंडल मिले, जिनमें प्रत्येक बंडल में 100 नोट थे।
इस तरह कुल 75 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में महाप्रज्ञ जैन ने बताया कि यह रकम सोना-चांदी के व्यापार के लिए कांटाबांजी से रायपुर ले जाई जा रही थी, लेकिन नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर कार्रवाई करते हुए कार, मोबाइल और नगदी सहित कुल 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।



