महासमुंद /शादी से लौट रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, पैर टूटा… 6 दिन बाद थाने पहुंचा मामला! आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग
महासमुंद जिले के ग्राम झालखम्हरिया निवासी एक युवक के साथ सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही कार ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक का पैर टूट गया, जिसके बाद इलाज के पश्चात अब थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने आवेदन दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक लिलेश्वर ध्रुव (40 वर्ष) निवासी ग्राम झालखम्हरिया ने थाना प्रभारी महासमुंद को दिए आवेदन में बताया कि उसका भतीजा धनराज ध्रुव (18 वर्ष) दिनांक 11 मार्च 2026 को सुबह लगभग 11:50 बजे अपने दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने ग्राम मोरधा गया था।
शादी कार्यक्रम से वापस लौटते समय जब वह बजरंग चौक, मोरधा के पास पहुंचा, तभी एक नीले रंग की कार क्रमांक CG 06 HA 6917 के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी मेस्ट्रो स्कूटी (CG 06 H 8772) को जोरदार टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में धनराज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका बायां पैर टूट गया। उसे तत्काल सोहम अस्पताल, लभरा खुर्द में भर्ती कराया गया, जहां उसका ऑपरेशन और इलाज किया गया।
परिजनों के अनुसार, इलाज के बाद 17 मार्च 2026 को थाना पहुंचकर आरोपी चालक एवं वाहन मालिक दामजी साहू (निवासी ग्राम मोरधा) के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दी गई है।
अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्द कार्रवाई करती है और पीड़ित को न्याय दिलाने में कितनी तत्परता दिखाती है।



