महासमुंद: अवैध गैस रिफिलिंग के सामान पर शिकंजा, दो वाहन सहित 8 लाख की जब्ती
घरेलू गैस से अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़, 8 लाख का सामान जब्त — एक गिरफ्तार
बागबाहरा (महासमुंद), 25 मार्च।
बागबाहरा पुलिस ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से वाहनों में गैस भरकर मुनाफा कमाने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन, पाइप तथा दो चारपहिया वाहनों सहित लगभग 8 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बागबाहरा में पदस्थ उप निरीक्षक शिव कुमार प्रसाद अपने हमराह स्टाफ के साथ 25 मार्च को अपराध पतासाजी के लिए नगर में पेट्रोलिंग पर निकले थे। इसी दौरान बस स्टैंड के पास मुखबिर से सूचना मिली कि व्यापारी तालाब के पास एक व्यक्ति घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से वाहनों में एलपीजी गैस भर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति वेगनआर कार की डिग्गी में रखे सिलेंडर से मशीन के जरिए गैस रिफिलिंग करते मिला। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजकुमार पटेल (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02, झलप चौक बागबाहरा बताया। मौके पर खड़ी एक ईको कार की तलाशी लेने पर उसमें 6 गैस सिलेंडर पाए गए। कुल मिलाकर आरोपी के पास से 7 घरेलू गैस सिलेंडर (इंडेन व एचपी कंपनी), गैस रिफिलिंग मशीन (टुल्लू पंप), पाइप-रेगुलेटर सेट, एक वेगनआर व एक ईको कार तथा दोनों वाहनों के आरसी कार्ड जब्त किए गए।
जांच के दौरान आरोपी गैस रिफिलिंग से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3, 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों से इस प्रकार अवैध रिफिलिंग करना अत्यंत खतरनाक है और इससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।



