महासमुंद/ NH-53 पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार—पुलिस में मामला दर्ज
महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-53 मुख्य मार्ग पर स्थित जोगीडीपा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पटेवा में मर्ग क्रमांक 18/2026 धारा 194 BNSS के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान यह सामने आया कि 21 अप्रैल 2025 को सुबह लगभग 8:15 बजे NH-53 जोगीडीपा के पास एक अज्ञात पुरुष (उम्र लगभग 35-40 वर्ष) को किसी अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण अत्यधिक रक्तस्राव के चलते Hemorrhagic shock बताया गया है तथा मृत्यु की प्रकृति दुर्घटनात्मक (Accidental) पाई गई है।
इस मामले में CHC तुमगांव के ड्रेसर ग्रेड-01 चैतन्य कुमार श्रीमोर द्वारा पुलिस को सूचना दी गई थी। प्रारंभ में थाना तुमगांव में बिना नंबर मर्ग दर्ज किया गया था, जिसे बाद में थाना पटेवा में विधिवत क्रमांक प्रदान कर जांच में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करना पाया गया है, जिसके चलते आरोपी के खिलाफ धारा 106(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पहचान के प्रयास कर रही है तथा फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।



