सांकरा/महासमुंद पुलिया के पास घेराबंदी: 11 मवेशियों से भरी पिकअप पकड़ाई, ओडिशा ले जाने की साजिश नाकाम!
सांकरा/महासमुंद। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से मवेशियों के परिवहन का पर्दाफाश किया है। थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम बड़ेटेमरी के पास पुलिया पर घेराबंदी कर पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें ठूंस-ठूंसकर मवेशी भरे गए थे।
कार्रवाई के दौरान वाहन INTRA V50 (OD 26 G 3944) में सवार दो आरोपियों—स्वाधीन बेहरा (21 वर्ष) एवं परखित भोई (20 वर्ष), दोनों निवासी जिला बरगढ़ (ओडिशा)—को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने मवेशियों को ओडिशा ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस ने वाहन से 08 बछड़े, 01 गाय, 01 बछिया एवं 01 कलोर सहित कुल 11 मवेशी बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 50,000 रुपये बताई गई। वहीं परिवहन में प्रयुक्त वाहन की कीमत 2 लाख रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती 2.50 लाख रुपये की है।
आरोपियों के पास मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। संदेह है कि मवेशियों को कत्लखाने ले जाया जा रहा था। इस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला दर्ज किया है।
यह पूरी कार्रवाई प्रधान आरक्षक संतोष कुमार यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने जब्त मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
👉 पुलिस की सतर्कता से एक बार फिर अवैध मवेशी तस्करी पर बड़ा प्रहार हुआ है।



