महासमुंद को मिली 8 नई एम्बुलेंस, विधायक और कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी रफ्तार
महासमुंद। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए राज्य कार्यालय से महासमुंद को 8 नई एम्बुलेंस की सौगात मिली है। इन अत्याधुनिक एम्बुलेंसों को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा किशन लाल पटेल एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि ‘जीवदायिनी 108 एम्बुलेंस सेवा’ राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है। नई एम्बुलेंस के जुड़ने से आपातकालीन सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी तथा मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई एम्बुलेंस के संचालन से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समय पर उपचार जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि इन एम्बुलेंस में इनक्यूबेटर, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सक्शन पंप, नेब्युलाइजर और ऑक्सीजन मशीन जैसे आधुनिक जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
नई एम्बुलेंस के शुरू होने से जिले में आपातकालीन सेवाओं की पहुंच और गति दोनों में सुधार होगा। गंभीर मरीजों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के साथ ही एम्बुलेंस में ही प्राथमिक उपचार मिलने से ‘गोल्डन ऑवर’ का बेहतर उपयोग संभव हो सकेगा, जिससे जिले का स्वास्थ्य तंत्र और अधिक मजबूत होगा।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती नीलू धृतलहरे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



