बागबाहरा/अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा: नवागांव में रेड, 24 पौवा शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 मार्च 2026 को प्रधान आरक्षक रणवीर सिंह दीवान अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं अवैध गतिविधियों की जांच पर निकले थे। इसी दौरान सूचना मिली कि नवागांव के डोंगरीपारा नर्सरी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए रखे हुए है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संदेही व्यक्ति की पहचान लोकेश सोनवानी (33 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 10 नवागांव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक पीले रंग की प्लास्टिक बोरी में रखी 24 पौवा देशी प्लेन शराब (कुल 4.320 लीटर) बरामद की गई।
पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर सीलबंद किया। साथ ही आरोपी के पास से 400 रुपये की बिक्री रकम भी बरामद हुई। जब्त शराब की कुल कीमत 1920 रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। हालांकि मामला जमानतीय होने के कारण बाद में उसे जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



