सरायपाली: शादी से निकला युवक, फिर नहीं लौटा… 4 दिन बाद मिला शव
सरायपाली (महासमुंद), क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना थाना सरायपाली क्षेत्र के केना सोसायटी मोड़ के पास की है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हीरालाल पटेल पिता कुमर साय पटेल (42 वर्ष), निवासी ग्राम कुर्मीपाली, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतक दिनांक 11 फरवरी 2026 को ग्राम इच्छापुर में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था।
रात्रि लगभग 12 बजे वह अपने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 P 9386 से अपने घर कुर्मीपाली लौट रहा था। इसी दौरान केना सोसायटी मोड़ के पास तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण वह नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे गड्ढे में गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक घर नहीं पहुंचा, जिससे परिजन चिंतित थे। दिनांक 15 फरवरी 2026 को शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि केना सोसायटी मोड़ के पास एक व्यक्ति का शव और मोटरसाइकिल पड़ी हुई है। मौके पर पहुंचकर पहचान करने पर शव हीरालाल पटेल का पाया गया। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी और उसमें सड़न आ गई थी, साथ ही चेहरा भी क्षत-विक्षत हो गया था।
सूचनाकर्ता दिलीप कुमार पटेल (36 वर्ष), निवासी कुर्मीपाली ने थाना सरायपाली में इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा मर्ग क्रमांक 09/2026 धारा 194 BNSS के तहत जांच की गई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की मृत्यु सड़क दुर्घटना के कारण हुई है। मामले में धारा 106(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।



