बागबाहरा /कर्रापारा में अवैध शराबखोरी का अड्डा उजागर, महिला रंगे हाथ गिरफ्तार
बागबाहरा थाना बागबाहरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कर्रापारा वार्ड क्रमांक 08 में अवैध रूप से शराब पिलाने का अड्डा पकड़कर एक महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बागबाहरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अपनी टीम—आरक्षक बिरेंद्र कर एवं महिला आरक्षक गायत्री सिंह—के साथ नगर एवं देहात पेट्रोलिंग पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कर्रापारा क्षेत्र में एक महिला अपने घर के सामने लोगों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा दे रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देख वहां मौजूद शराब पीने वाले लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक महिला को मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम लक्ष्मी चन्द्राकर (50 वर्ष) निवासी वार्ड नं. 08 कर्रापारा बागबाहरा बताया और अवैध गतिविधि स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 80 एमएल देशी प्लेन शराब का पौवा एवं 3 डिस्पोजल गिलास जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 36 रुपये बताई गई है।
आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36 (C) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। मामला जमानती होने के कारण सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर उसे मुचलके पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



