महासमुंद/सांई मंदिर के पास मौत का रहस्य: रात में किसने मारी टक्कर? बुजुर्ग की मौत, आरोपी वाहन गायब
महासमुंद। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक रहस्यमयी सड़क हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम खरोरा निवासी 63 वर्षीय रामानंद विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि हादसे को अंजाम देने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 06 अप्रैल 2026 की शाम रामानंद विश्वकर्मा अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 A 8534 से साराडीह मोड़ से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे एनएच-353 स्थित सांई मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में उन्हें तत्काल महानदी हॉस्पिटल महासमुंद में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 07 अप्रैल 2026 की सुबह 08:10 बजे उनकी मौत हो गई। डॉक्टर पुरूषोत्तम बघेल द्वारा अस्पताल से जारी मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 51/2026 धारा 194 BNSS के तहत जांच शुरू की।
प्रथम दृष्टया मामला लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का पाए जाने पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। शव पंचनामा कार्यवाही पूर्ण कर मामले की सूचना एसडीएम महासमुंद को भेज दी गई है।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है—आखिर वह वाहन कौन सा था, जिसने बुजुर्ग की जान ले ली और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया? पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आरोपी की तलाश में जुट गई है।



