बागबाहरा में चखना दुकान विवाद ने लिया खूनी मोड़: चाकू से हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: जानलेवा हमले के आरोपी को भेजा गया जेल, नाबालिग भी पकड़ा गया
महासमुंद। बागबाहरा क्षेत्र में देसी दारू दुकान के पास स्थित चखना दुकान में हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना 6 अप्रैल 2026 की है, जब चखना दुकान संचालक मोनेश यादव और ग्राहक गणपत निषाद के बीच सामान के पैसे को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद गणपत वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही देर में अपने साथियों अर्जुन गोस्वामी, शिवा मांझी, सोनू देवांगन और एक नाबालिग को लेकर वापस लौटा।
सभी आरोपियों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए मोनेश यादव को जान से मारने की धमकी दी और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मोनेश के पेट, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
सूचना मिलते ही डायल 112 और बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गणपत निषाद को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का सख्त संदेश: कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



