कुएं में मिली लाश का खुला खौफनाक राज: पिता-बेटे ने रची थी मौत की साजिश, महासमुंद पुलिस ने सुलझाया अंधा कत्ल
महासमुंद, 11 अप्रैल 2026। महासमुंद जिले में कुंए से बरामद अज्ञात युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। इस मामले में मृतक के पिता और नाबालिग भाई की संलिप्तता सामने आई है, जिन्होंने मिलकर हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने का प्रयास किया था।
दिनांक 09 अप्रैल 2026 को यशवंत चंद्राकर के मुर्गी फार्म के पास स्थित एनीकट कुंए में प्लास्टिक बोरी में भरा युवक का शव तैरता हुआ मिला था, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। सूचना पर थाना महासमुंद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान सत्यानारायण ध्रुव (27 वर्ष), निवासी ग्राम लाफिनखुर्द के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि मृतक शराब का आदी था और अक्सर अपने माता-पिता से विवाद करता था।
घटना दिनांक 06 मार्च 2026 की है, जब नशे में मृतक ने अपनी मां के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए छोटे भाई (विधि से संघर्षरत बालक) को भी धक्का देने पर गुस्से में उसने घर में रखे पत्थर के सिल से लगातार वार कर दिए, जिससे सत्यानारायण की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पिता महेश ध्रुव (54 वर्ष) और नाबालिग बेटे ने मिलकर शव को प्लास्टिक बोरी में भरकर मोटरसाइकिल (डिलक्स CG 04MU/1345) से ले जाकर कुंए में पत्थर बांधकर फेंक दिया, ताकि साक्ष्य छिपाया जा सके।
पुलिस ने आरोपी महेश ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
गिरफ्तार आरोपी: महेश ध्रुव, पिता स्व. डेरहा राम, उम्र 54 वर्ष, निवासी लाफिनखुर्द, थाना व जिला महासमुंद (छ.ग.)
👉 महासमुंद पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से एक जघन्य हत्या का पर्दाफाश हुआ है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।



