बसना में जुआ खेलते 4 आरोपी पकड़े, 86 हजार रुपये से अधिक की सामग्री जब्त
महासमुंद थाना बसना पुलिस ने जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीएसएनएल कार्यालय परिसर बसना में रेड कर 4 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल एवं दो मोटरसाइकिल सहित कुल 86,010 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को थाना बसना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक दिवसाधिकारी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बीएसएनएल ऑफिस बसना में कुछ व्यक्ति 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसे का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी को अवगत कराकर पुलिस टीम द्वारा मुखबिर पंचनामा तैयार किया गया तथा गवाह हबीब खान एवं योगेश सेन को नोटिस देकर उनके समक्ष रेड कार्रवाई की गई।
रेड के दौरान पुलिस ने मौके से 4 व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। आरोपियों की पहचान सुशील अग्रवाल (45 वर्ष) निवासी जगदीशपुर रोड बसना, संगीत कुमार राज (43 वर्ष) निवासी नरसिंगपुर बसना, हिदायतुल्ला खान उर्फ गुल्लू खान (29 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 1 (45 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 15 बसना के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, ताश की गड्डी, विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HA 8164 एवं CG 06 GY 0959 जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 86,010 रुपये आंकी गई है।
मामले में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। चूंकि अपराध में सजा 7 वर्ष से कम है, अतः सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएसएस का नोटिस देकर जांच में सहयोग हेतु पाबंद किया गया। आरोपियों द्वारा 14 अप्रैल 2026 को थाना उपस्थित होने की लिखित सहमति दिए जाने पर उन्हें मौके पर ही छोड़ दिया गया।



