डिजिटल जनगणना 2027: महासमुंद जिले में शिकायत निवारण प्रकोष्ठ का गठन
महासमुंद/ भारत सरकार गृह मंत्रालय, जनगणना कार्य निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार भारत की डिजिटल जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाएगा। इसके प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक जिले में जनगणना कार्य से संबंधित आपत्तियों एवं शिकायतों के त्वरित निवारण हेतु शिकायत निवारण तंत्र स्थापित किया जाना है।
इसी क्रम में महासमुंद जिले में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा शिकायत निवारण प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। इस प्रकोष्ठ में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं डिप्टी कलेक्टर (जिला जनगणना अधिकारी) श्री मनोज कुमार खाण्डे, को सदस्य तथा उप संचालक (अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी) श्रीमती मधु साहू को सदस्य नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपादित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।



