महासमुंद सही दवा-शुद्ध आहार अभियान के तहत जिले में सघन जांच शुरू बागबाहरा में स्ट्रीट फूड सेंटर और कॉस्मेटिक दुकानों का औचक निरीक्षण
महासमुंद 28 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्रदेशभर में “सही दवा शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के अंतर्गत 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक 15 दिवसीय सघन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त एवं मानकयुक्त दवाओं और खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना, मिलावट एवं नकली दवाओं पर नियंत्रण तथा सुरक्षित खाद्य एवं प्रसाधन सामग्री के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त सहयोग से खाद्य प्रकोष्ठ एवं औषधि प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। डॉ. आई. नागेश्वर राव, उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महासमुंद के मार्गदर्शन में दोनों प्रकोष्ठों द्वारा जांच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
खाद्य प्रकोष्ठ के अंतर्गत नोडल अधिकारी एवं अभिहित अधिकारी श्री उमेश कुमार के नेतृत्व में गठित संयुक्त दल ने बागबाहरा बस स्टैंड, मेन रोड एवं अस्पताल के सामने स्थित क्षेत्रों में कुल 30 चाट, गुपचुप सेंटर एवं अन्य स्ट्रीट वेंडर्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के संबंध में संचालकों को जागरूक किया गया तथा खाद्य पंजीयन बनाने के निर्देश दिए गए। दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री शंखनाद भोई सहित राजस्व विभाग के प्रतिनिधि शामिल रहे।
इसी प्रकार औषधि प्रकोष्ठ के अंतर्गत नोडल अधिकारी श्रीमती तृप्ति जैन, सहायक औषधि नियंत्रक के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा बागबाहरा ब्लॉक में 05 कॉस्मेटिक दुकानों, एजेंसियों एवं फैंसी स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के प्रावधानों के तहत दुकानों के रख-रखाव, भंडारण एवं क्रय-विक्रय व्यवस्था की जांच की गई। निरीक्षण दल में औषधि निरीक्षक श्री अवधेश भारद्वाज, श्री अखिलेश पाण्डेय तथा नायब तहसीलदार बागबाहरा शामिल रहे। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को नियमों के पालन एवं सुरक्षित प्रसाधन सामग्री के विक्रय संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी।



