रायपुर से तुरतुरिया जा रही श्रद्धालुओं की गाड़ी पलटी, एक की मौत
महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम चुहरी नाला के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान सौरा राम तेलासी (50 वर्ष), निवासी तेलीबांधा रायपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक अपने परिजनों के साथ रायपुर से तुरतुरिया माता दर्शन के लिए जा रहा था। वह टाटा एस वाहन क्रमांक CG04PQ6782 में सवार था। सुबह करीब 10 बजे के आसपास ग्राम चुहरी नाला के पास वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क किनारे पलट गया और हादसा हो गया।
हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तुमगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सौरा राम तेलासी को मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच के बाद वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



