महासमुंद: छड़-सीमेंट के नाम पर ठगी और चोरी: कोमाखान, सांकरा में सक्रिय गिरोह; 5 गांवों से लाखों के जेवर-नकदी पार सतर्क रहने की जरूरत बच्चों करें सावधान कई शिकायत नहीं पहुंचा थाने तक
महाजनपद न्यूज CG
महासमुंद। जिले के कोमाखान और सांकरा थाना क्षेत्रों में इन दिनों एक शातिर गिरोह सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है, जो बच्चों और बुजुर्गों को झांसे में लेकर घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा है। आरोपी गांवों में पहुंचकर खुद को परिवार का परिचित बताता है और “छड़-सिमेंट का पैसा देना है” जैसे बहाने बनाकर घरों में प्रवेश कर नगदी व जेवरात लेकर फरार हो जाता है। चंदरपुर, उखरा, झगरेनडीह, अनसुला और लोहरिनडोंगरी गांव में हुई घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है।
कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम चंदरपुर में मामला सामने आया, जहां चैनलाल साहू के घर से 12 हजार रुपये नगद और करीब 80 हजार रुपये के सोना-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए। पीड़ित के पिता के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति घर पहुंचा और कहा कि “3 क्विंटल छड़ मंगाया है, पैसा देना है।” बुजुर्ग के बाहर जाने का फायदा उठाकर आरोपी नगदी और जेवर लेकर फरार हो गया। चोरी गए सामान में सोने की माला, चांदी का सांटी, पायल और बिछिया शामिल हैं। कुल नुकसान लगभग 92 हजार रुपये बताया गया है।
इसके बाद ग्राम उखरा में भी इसी तरह की वारदात सामने आई। भोजराम ठाकुर के घर पहुंचे आरोपी ने उनकी बेटी से कहा कि “तुम्हारे पिता ने छड़-गिट्टी मंगवाया है, ट्रक आ रहा है, पैसा देना है।” आरोपी ने चालाकी से आलमारी और बक्से की जानकारी ली और मौका मिलते ही सोने-चांदी के जेवर तथा 15 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गया। इस घटना में करीब 91,500 रुपये की चोरी हुई।
इसी तरह अब सांकरा थाना क्षेत्र में भी एक जैसे तरीके से लगातार तीन वारदातें सामने आई हैं। ग्राम झगरेनडीह में निलमणी प्रधान की 10 वर्षीय पुत्री को आरोपी ने “तुम्हारे पापा ने पेटी से कागजात लेने भेजा है” कहकर बहलाया और बच्ची को पानी लाने भेजकर पेटी से सोने के जेवर और 79 हजार रुपये नगद पार कर दिए। इस मामले में करीब 1 लाख 15 हजार रुपये की चोरी हुई।
ग्राम अनसुला में निलकंठ निषाद के 13 वर्षीय पुत्र को “छड़-सिमेंट मंगाया है” कहकर घर से बाहर ले जाया गया। इसी दौरान आरोपी घर में घुसा और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर तथा नगदी चोरी कर फरार हो गया। यहां लगभग 64 हजार रुपये की चोरी हुई।
वहीं ग्राम लोहरिनडोंगरी में प्रदीप कुमार भोई की 70 वर्षीय मां को आरोपी ने “तुम्हारा लड़का छड़-सिमेंट का पैसा लेने भेजा है” कहकर झांसे में लिया। महिला को पानी लाने भेजने के बाद आरोपी अलमारी का लॉकर तोड़कर 40 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गया।
सूत्रों के अनुसार जिले के अन्य गांवों से भी इसी तरह की घटनाओं की जानकारी सामने आ रही है, लेकिन कई लोग पुलिस तक नहीं पहुंच रहे हैं। सरायपाली थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में भी इसी तरीके से करीब 10 हजार रुपये की ठगी होने की चर्चा है।
लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। खास बात यह है कि आरोपी पहले बच्चों या बुजुर्गों का भरोसा जीतते हैं, फिर उन्हें किसी बहाने दूसरे काम में उलझाकर घर से नगदी और जेवर चोरी कर लेते हैं।
पुलिस ने सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3), 331(4) एवं 305(A) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों की तलाश की जा रही है।



