महासमुंद:- महासमुंद शहर के इमलीभांठा क्षेत्र में पैतृक संपत्ति विवाद को लेकर एक बुजुर्ग पिता ने अपने बेटे एवं बहू के खिलाफ गाली-गलौच, धमकी और मारपीट की कोशिश करने की शिकायत थाना महासमुंद में दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 03 इमलीभांठा निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग, जो बोन कैंसर से पीड़ित हैं, ने पुलिस को बताया कि उनके पास पैतृक जमीन एवं मकान है। उनका बेटा रविकांत निगम पिछले कई वर्षों से संपत्ति के बंटवारे की मांग कर रहा है। बुजुर्ग ने बताया कि खेती से होने वाली आय से उनका इलाज एवं घर का खर्च चलता है।
पीड़ित के अनुसार दिनांक 08 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे उनका बेटा रविकांत निगम एवं बहू रिंकी घर पहुंचे और जमीन-मकान के बंटवारे की बात को लेकर विवाद करने लगे। जब बुजुर्ग ने अपने जीते जी बंटवारा देने से मना किया तो दोनों ने कथित रूप से गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा मारपीट करने का प्रयास किया।
बुजुर्ग ने बताया कि घटना के दौरान उनकी बहन अमोद श्रीवास्तव एवं घर में काम करने वाली महिला सुमन मौजूद थीं, जिन्होंने घटना को देखा एवं सुना। पीड़ित ने पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



