सरायपाली / पिता की हत्या के आरोप में पुत्र गिरफ्तार, मौक़े से फरार आरोपी को सरायपाली पुलिस ने किया गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है
सरायपाली थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का चंद घंटों में खुलासा करते हुए फरार आरोपी पुत्र को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर अपने ही पिता की ईंट से हमला कर हत्या करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को सूचक हरजीत चौहान की सूचना पर ग्राम रिसेकेला निवासी जयलाल सागर उर्फ जयलाल चौहान (48 वर्ष) की संदिग्ध मौत पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। शव के निरीक्षण के दौरान मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 17 मई 2026 की रात मृतक और उसके पुत्र अजय सागर उर्फ अजय चौहान के बीच घरेलू विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी पुत्र ने कथित रूप से अपने पिता के साथ मारपीट की और घर की बाड़ी से ईंट उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से जयलाल चौहान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और अचेत हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया
परिजनों द्वारा घायल अवस्था में जयलाल चौहान को शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मर्ग जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि मृतक की मृत्यु सिर पर ईंट से किए गए हमले के कारण हुई। इसके बाद पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
फरार आरोपी की लगातार तलाश के दौरान 18 मई 2026 की रात करीब 8 बजे मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम बोदापाली में घेराबंदी कर आरोपी अजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
अजय चौहान, पिता जयलाल चौहान, निवासी ग्राम रिसेकेला, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद।



