महासमुंद। थाना कोमाखान क्षेत्र में पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के भीतर गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अलग-अलग मामलों में कुल 72 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार तस्कर ओडिशा के पटनागढ़ क्षेत्र से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। कुछ मामलों में गांजा रायपुर और बागबाहरा में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचने की तैयारी थी, जबकि अन्य मामलों में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक सप्लाई का नेटवर्क तैयार किया गया था। पहले प्रकरण में पुलिस ने 10.190 किलो गांजा के साथ एक आरोपी राजकुमार उर्फ राजू देवांगन को गिरफ्तार किया। दूसरे मामले में 7 किलो गांजा के साथ सुशांत बाग को पकड़ा गया। दोनों आरोपियों से मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। तीसरे मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध मारुति डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। कार की तलाशी में 30 किलो गांजा बरामद हुआ। इस मामले में आरोपियों की तलाश जारी है। चारों मामलों को मिलाकर कुल 72 किलो गांजा, दो मोटरसाइकिल, एक कार और मोबाइल फोन सहित लगभग 32 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना, लगातार चेकिंग और समन्वित रणनीति के तहत की गई। पिछले चार महीनों में जिले में 93 मामलों में 6400 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है और 236 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।
24 घंटे में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 4 मामलों में 72 किलो गांजा जब्त….
RECENT POSTS



